
नूरपुर (कांगड़ा)। कोट पलाहड़ी में महिला की निर्मम हत्या के मामले में अब तक की प्रारंभिक छानबीन में पुलिस के शक की सूई मृतका सृष्टा देवी (52) के बड़े बेटे दीपक कुमार (30) की तरफ घूम रही है। इस मामले में फोरेंसिक टीम को घटनास्थल से कई अहम सुराग भी मिले हैं। इनमें दो-तीन अलग-अलग जगहों पर खून के निशानों के अलावा मृतका के खून से सनी माला, गले की हड्डी का टुकड़ा, दांत और रस्सी बरामद की गई है।
अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्यारे ने पहले गला दबाकर बेहोश करने के बाद तेजधार हथियार से सिर को धड़ से अलग किया है। मृतका को कहीं दूसरी जगह मारकर सिर कटी लाश को घटनास्थल पर फेंका गया है, यह फिलहाल जांच का विषय है।
पुख्ता सूत्रों की मानें तो फोरेंसिक टीम को घटनास्थल से कुछ दूरी पर तेजधार हथियार (दराट) को पानी से धोने की जगह से भी खून के सैंपल मिले हैं। पुलिस को मृतका के बेटे की पैंट से भी खून के कुछ निशान मिले थे। बहरहाल, बुधवार को घंटों छानबीन के बाद घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य तो मृतका के बेटे की तरफ ही इशारा कर रहे हैं जो मंगलवार को अपनी मां (मृतका) के साथ मैंदडू लेने के लिए जंगल की तरफ गया था। पुलिस ने खून के निशान लगे दराट को भी अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कुछ भी दावे से बोलने की बजाय घटनास्थल से जुटाए साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियों को जोड़ने में लगी है।
जल्द सुलझेगी ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री : डीएसपी
दबी जुबान में कहा जा रहा है कि मृतका का बेटा नशे की लत में लिप्त है। मृतका का पति बाबा सिंह सरकारी ठेकेदार है। एक बेटा पंजाब यूर्निवर्सिटी में एमएससी का छात्र है। तीसरा लड़का प्राइवेट सेक्टर में नौकरी करता है। कुल-मिलाकर मृतका का इतनी बेरहमी से कत्ल करने के पीछे का मकसद क्या हो सकता है, यह जांच का विषय है। डीएसपी राजीव अत्री के मुताबिक घटनास्थल से मामले से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। मामले की गहन जांच जारी है। जल्द ही ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री को सुलझा लिया जाएगा।
