
धर्मशाला। प्रदेश भर के सरकारी राशन के डिपुओं में चीनी का कोटा नहीं मिला है। जून माह में उपभोक्ताओं को बाजार से महंगे दामों में चीनी खरीदनी पड़ी है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के सूत्र खुलासा करते हैं कि केंद्र सरकार ने चीनी की सप्लाई राज्य को भेजना बंद कर दी है। केंद्र सरकार ने इस संबंध में फरमान जारी किए हैं कि राज्य को स्वयं ही चीनी खरीदकर डिपुआें को भेजनी होगी। केंद्र सरकार के फैसले के बाद राज्य सरकार चीनी के कोटे को लेकर औपचारिकताएं पूरी करने में लगी हुई है। बताया जा रहा है कि अभी तक कार्रवाई पूरी नहीं हो पाई है। ऐसे में जुलाई माह में भी उपभोक्ताओं को बाजार से ही चीनी खरीदकर लेनी होगी।
डिपुओं में चीनी न मिलने के कारण उपभोक्ताओं और सेल्स मैन के बीच तकरार हो रही है। डिपुओं में चीनी न मिलने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी गरीब परिवारों को पेश आ रही है। चीनी लेने के लिए लोग हर दिन डिपो जा रहे हैं मगर उन्हें चीनी का कोटा न आने की बात कही जा रही है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के एरिया मैनेजर एएस तोमर ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में जून माह का चीनी का कोटा उपभोक्ताओं को नहीं मिला है। खाद्य वितरण प्रणाली में भी फेरबदल हुआ है। नई अधिसूचना के मुताबिक ही उपभोक्ताओं को राशन वितरित होगा।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने खाद्य वितरण प्रणाली में भी फेरबदल कर दिया है। अब परिवार में दो सदस्यों को सफेद चना ही मिलेगा। अगर परिवार में तीन सदस्य से ऊपर हैं तो उन्हें सफेद चना और उड़द की दाल दी जाएगी। परिवार में पांच सदस्यों से ऊपर हैं तो इस स्थिति में सफेद चना, उड़द की दाल और मूंग की दाल भी दी जाएगी। पहले परिवारों को उड़द की दाल और मसूर की दाल दी जा रही थी। इसके बारे में विभाग के पास अधिसूचना पहुंच गई है। जुलाई माह से अधिसूचना के आधार पर डिपुओं में उपभोक्ताओं को राशन मिलेगा।
