सीट फुल होने पर भी मिलेगा दाखिला

नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में दूसरी कटऑफ लिस्ट के तहत बुधवार को दाखिला लेने का आखिरी दिन है। छात्र-छात्राओं को यह ध्यान रखना होगा कि कॉलेज में किसी खास कोर्स की सीट फुल हो जाने पर भी उन्हें दाखिला मिलेगा। दरअसल दाखिले के लिए जितने दिन निर्धारित किए होते हैं उनमें यदि पहले ही सीटें फुल हो जाएं तब भी कॉलेज को दाखिला देना पड़ता है। छात्रों को ध्यान रखना होगा कि कई कॉलेजों में कॉमर्स में दाखिले के लिए उनके पास विकल्प हैं।

कहां हैं कॉमर्स में दाखिले के विकल्प
अदिति महाविद्यालय में 82-86 फीसदी पर छात्रों को कॉमर्स ऑनर्स में बुधवार को दाखिला मिल सकता है। भगिनी निवेदिता में 83 फीसदी, भारती कॉलेज में 88, भीम राव अंबेडकर कॉलेज में 92 फीसदी पर, रामानुजन में 89-90 फीसदी पर दाखिला मिल सकता है। जानकी देवी मेमोरियल में 93 फीसदी पर केशव महाविद्यालय में 95 फीसदी व कालिंदी में 89.75 फीसदी पर दाखिले की गुंजाइश है।

इको में 80 फीसदी पर दाखिला
दूसरी कटऑफ लिस्ट के आधार पर आखिरी दिन छात्रों के पास कम से कम 80 फीसदी अंकों के आधार पर दाखिले की गुंजाइश है। श्रद्धानंद कॉलेज में सबसे कम 80 फीसदी पर इको ऑनर्स में दाखिला हो सकता है। कैंपस कॉलेजों की बात करें तो सभी में इको की कटऑफ 94 फीसदी से अधिक ही है। दौलतराम कॉलेज में 95.25, भीमराव अंबेडकर में 92, हंसराज में 96.75, हिंदू में 97 और एलएसआर में 97.25, व मिरांडा हाउस कॉलेज में 96.25-96.75 तक अंक वालों के लिए दाखिले खुले हैं। वहीं, विवेकानंद में 89.75 फीसदी पर, व कालिंदी कॉलेज में इको ऑनर्स में 88 फीसदी पर दाखिला हो सकता है।

Related posts