वेतन न मिलने पर भड़के विवि कर्मचारी

शिमला। प्रदेश विश्वविद्यालय में कर्मचारियों को वेतन न मिलने पर गैर शिक्षक कर्मचारी भड़क गए हैं। कर्मचारियों ने मंगलवार को सुबह ग्यारह बजे काम छोड़कर नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद विवि के अधिकतर कर्मचारी काम छोड़कर नारेबाजी करने वाले कर्मचारी नेताओं के साथ शामिल हो गए। कर्मचारियों ने विवि के वित्त अधिकारी का घेराव किया और शीघ्र ही वेतन भुगतान की मांग की। इसके बाद विवि के गैर शिक्षक कर्मचारियों के पदाधिकारियों ने बैठक की। बैठक की अध्यक्षता तृतीय श्रेणी कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष देवी राम वर्मा ने की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विवि की वित्तीय स्थिति के लिए सरकार और प्रशासन जिम्मेदार है। इससे पहले कभी भी विवि के कर्मचारियों को वेतन के लाले नहीं पड़े। अब तो हर महीने वेतन के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि विवि की वित्तीय स्थिति को सुधारने के लिए शीघ्र ही ग्रांट जारी की जाए। पूर्व में भी तत्कालीन भाजपा सरकार ने इसके लिए ग्रांट जारी की थी। विवि के कोर्ट सदस्य ललित कुमार ने विवि प्रशासन को इस स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया।
—-
निगम कर्मियों को भी वेतन का इंतजार
शिमला। हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम के कर्मचारियों को भी अभी तक वेतन नहीं मिला है। उनका वेतन का इंतजार अभी शीघ्र खत्म होता नहीं दिख रहा है। नए प्रबंध निदेशक के लिए आर्थिक तंगी के दौर में कर्मचारियों के वेतन के लिए बजट जुटाना काफी मुश्किल हो सकता है।

Related posts