
बिलासपुर। चंद दिनों की बरसात के बाद अब लोगों की जेब पर कैंची चलने लगी है। सब्जियों की कीमत में आए उछाल के कारण लोगों की रसोई का बजट गड़बड़ा गया है। पिछले महीने की अपेक्षा सब्जियों के दाम 30 से 40 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं। प्यास आंसू निकाल रहा है तो टमाटर ने तड़के का जायका बिगाड़ दिया है। शिमला मिर्च की कीमत भी सातवें आसमान पर पहुंच गई है।
सब्जिया महंगी होने के कारण अब लोग सब्जियों के दाम किलो में नहीं बल्कि पाव में पूछने लगे हैं। पिछले महीने तक 25 से 30 रुपए में बिकने वाला टमाटर इस महीने 40 रुपए तक पहुंच गया है। इसी प्रकार शिमला मिर्च के दाम 50 रुपए तक पहुंच गए हैं। प्याज की कीमत 25 रुपए प्रतिकिलो पहुंच गई है। हरा मटर लोगों के डिनर और लंच से गायब है। हरा मटर की कीमत 60 से 70 रुपए तक पहुंच गई है। आलू 15 से 20, फुलगोभी 15 से 20, पत्ता गोभी 20-25, गाजर 20, बैंगन 30, अरबी 40 रुपए प्रति किलो बिक रही है। सब्जियां खरीदने आईं सोनिका, बवीता, देवयानी, यशस्वी ने कहा कि सब्जियों के दाम बढ़ने से उनकी रसोई का बजट गड़बड़ा गया है। टमाटर कहीं पर 40 तो कहीं पर 30 रुपये प्रतिकिलो बिक रहा है। इसी प्रकार शिमला मिर्च, प्याज के दाम भी अलग-अलग वसूले जा रहे हैं।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के शिव चंद ने कहा कि बरसात के चलते सब्जियों के दाम में इजाफा हुआ है। हाइट्स की सब्जियां महंगी है। मैदानी इलाकों की मांग बढ़ने के कारण सस्ती। इसी वजह से विभिन्न दुकानों में सब्जियों के अलग-अलग दाम देखे जा सकते हैं।
