
शिमला। टूटी-फूटी पानी की पाइपों से हर दिन कई लीटर पानी सड़कों पर व्यर्थ बह रहा है, वहीं हाउसिंग बोर्ड संजौली में पांच सौ से अधिक परिवार एक सप्ताह से जल संकट झेल रहे हैं। लोगों का आरोप है कि नगर निगम क्षेत्र में पर्याप्त सप्लाई नहीं दे रहा है। हाउसिंग बोर्ड के फेज एक टैंक में नाममात्र के लिए सप्लाई दी जा रही है। नगर निगम को एक सप्ताह के दौरान कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। लोगों ने चेताया कि अगर सप्लाई दुरुस्त नहीं हुई तो निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।
हाउसिंग बोर्ड रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान एनएल ब्रोटा, महासचिव आरके गुप्ता, राजेंद्र सिंह ठाकुर, डा. कृपाल गुप्ता, आरएस चौहान, लक्की कटैक, कस्तूरी लाल बंसल, बीएस नेगी, डीडी महाजन, हरीश कपूर, किशन पाल चौहान और कीर्ति सिंह राणा ने कहा कि एक सप्ताह से क्षेत्र में नाममात्र के लिए पीने को पानी मिल रहा है। क्षेत्र में सुबह के समय पानी की सप्लाई होती है। फेज दो और तीन में पानी की आपूर्ति फेज एक के मुकाबले ठीक है। फेज एक के टैंक में कभी भी पानी का लेबल ठीक नहीं होता, जिस कारण क्षेत्र के हजारों लोगों को रोजाना जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने चेताया कि अगर पानी की सप्लाई का पुख्ता बंदोबस्त नहीं किया गया तो लोग मजबूरन सड़कों पर उतरने को विवश होंगे। लोगों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में पानी के वितरण का जिम्मा हाउसिंग बोर्ड का कीमैन देख रहा है। इस की मैन को जल्द से जल्द बदलकर नगर निगम को अपना की मैन पानी के वितरण के लिए नियुक्त करना चाहिए। उधर, निगम अभियंता विजय गुप्ता का कहना है कि क्षेत्र में पानी की सप्लाई कम आने की सूचना उन्हें नहीं है। संबंधित अधिकारियों से इस बाबत बात कर जल्द से जल्द सप्लाई दुरुस्त करने के आदेश दिए जाएंगे।
