
चंबा। राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के खिलाफ एसएफआई ने जंग का ऐलान कर दिया है। प्रदेश भर के कालेजों में एसएफआई रूसा के विरोध में हस्ताक्षर अभियान शुरू करेगी। एसएफआई के राज्य उपाध्यक्ष विवेक राणा ने बताया कि रूसा प्रणाली में कई कमियां हैं। रूसा प्रणाली के लिए कालेजों में पूर्ण रूप से शैक्षणिक ढांचा तैयार नहीं है। विवि में स्टाफ की कमी है। कालेजों में अप्रैल में एक वर्ष के बाद परीक्षाएं होती हैं और परिणाम जुलाई और अगस्त में निकाला जाता है। छात्र संगठन के राज्य उपाध्यक्ष ने कहा कि रूसा प्रणाली के तहत अब छह माह बाद कालेजों में परीक्षाएं होंगी, तो परिणाम कब निकलेगा और अनुपूरक और पुनर्मूल्यांकन परीक्षाओं का परिणाम कब घोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हस्ताक्षर अभियान दो से चार जुलाई तक चलेगा। आठ जुलाई से एसएफआई सदस्यता अभियान भी शुरू कर देगी। इस दौरान छात्र संघ के राज्य उपाध्यक्ष ने चंबा इकाई के एसएफआई कार्यकर्ताओं की एक बैठक को भी संबोधित किया। इस मौके पर एसएफआई के जिला अध्यक्ष हेम राज शर्मा, नारायण सिंह, श्याम लाल, विजय कुमार उपस्थित थे।
