सहायक दवा नियंत्रक गिरफ्तार

पैतृक घर में छापेमारी; विजीलैंस ने कब्जे में लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज, आय से अधिक संपत्ति मामले में पनारसा पहुंची टीम
शिमला : विजीलैंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने सहायक दवा नियंत्रक कपिल धीमान के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है, वहीं जांच के दौरान उसकी एक फार्मा उद्योग में सांझेदारी होने के विषय में भी टीम को कुछ जानकारियां मिली हैं। इसके अलावा टीम ने कई बैंकों में धीमान के खातों का रिकार्ड व उसकी करीब साढ़े 6 लाख की बैंक एफडी व जीवन बीमा के कागज भी बरामद किए हैं। उधर आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार किए असिस्टैंट ड्रग कंट्रोलर के पैतृक घर पनारसा में विजीलैंस टीम ने दबिश देकर मौके से महत्वपूर्ण दस्तावेज कब्जे में लिए, साथ ही उन्होंने परिवार के कुछ सदस्यों से पूछताछ की है। विजीलैंस की टीम ने रविवार को असिस्टैंट ड्रग कंट्रोलर कपिल धीमान के पनारसा स्थित पैतृक घर में पहुंचकर मामले में जांच-पड़ताल की।

हालांकि पनारसा स्थित घर कपिल धीमान के पिता लक्ष्मण धीमान के नाम है। जांच के दौरान विजीलैंस को कुछ जरूरी कागजात भी हाथ लगे हैं जिन्हें विजीलैंस ने अपने कब्जे में ले लिया है। विजीलैंस की इस टीम में कुल्लू व मंडी विजीलैंस के कुछ आला अफसर मौजूद रहे। टीम का नेतृत्व विजीलैंस के एएसपी मंडी अरविंद चौधरी ने किया। उन्होंने छापेमारी की पुष्टि करते हुए कहा कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजीलैंस ने यह कार्रवाई की है।

विजीलैंस के अधिकारी बता रहे हैं कि धीमान के पास मौजूद संपत्ति की कीमत करोड़ों में है। इसके अलावा उसके घर में इलैक्ट्रॉनिक्स का सामान भी काफी मात्रा में बरामद हुआ है जिसकी कीमत लाखों में है। शनिवार रातभर ब्यूरो की टीमें कपिल धीमान के घर की तलाशी करती रहीं और रविवार दिनभर भी जांच कार्य में जुटी रहीं। ब्यूरो की टीम उसके अन्य ठिकानों पर भी दस्तक देकर जांच में जुटी है, वहीं ब्यूरो की टीम को जो डेढ़ लाख रुपए धीमान के घर से बरामद हुए हैं वे अलग-अलग सफेद लिफाफों में थे। ये ऐसे क्यों रखे गए थे या फिर यहां पर इन लिफाफों में पैसे किसने पहुंचाए थे इसकी जांच भी की जा रही है। विजीलैंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो के डीएसपी रमेश शर्मा ने बताया कि सहायक दवा नियंत्रक कपिल धीमान के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है तथा जांच जारी है।

कार्यालय की भी हुई जांच
रविवार को विजीलैंस ने कपिल धीमान के कार्यालय में भी दस्तावेजों की जांच की। इसके अलावा जांच के दौरान टीम ने धीमान के घर से 4 टैब, वीडियो और स्टिल कैमरे, आई पैड, कई घडिय़ांव सोलन के बू्ररी में एक प्लाट के विषय में दस्तावेज मिले हैं। इसके अलावा धीमान के घर में ब्यूरो को इतने ज्यादा दस्तावेज मिले हैं कि इनकी जांच में और इन्हें पढ़ाने में टीम को करीब 2 से 3 दिन का समय लगेगा जिसके बाद और खुलासे हो सकते हैं। धीमान के पास अभी एक कार व एक मोटरसाइकिल होने का खुलासा हुआ है।

पहले भी रिश्वत के मामले में हुआ था गिरफ्तार
कपिल धीमान पहले भी रिश्वत के मामले में 1995 में गिरफ्तार हो चुका है। इसके बाद वह 9 महीने तक निलंबित रहा है।

Related posts