तीन दिन से हेलीकॉप्टर के इंतजार में

रामपुर बुशहर। सिंगला हेलीपैड पर करीब साठ से अधिक लोग तीन दिन से सांगला के लिए हेलीकॉप्टर का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन, उन्हें अभी तक सांगला भेजने का कोई प्रबंध नहीं हो पा रहा है। इनमें से कुछ लोग बीमार होने की स्थिति में उपचार के लिए रामपुर आए थे। जबकि, कुछ लोग अपने बच्चों को ले जाने आए थे। वहीं, 27 जून को किन्नौर में हुए उपचुनाव में हेलीकॉप्टर न मिलने के कारण ये लोग अपने मताधिकार से भी वंचित रहे।
यहां फंसे लोगों में महेश नेगी, विजय लक्ष्मी, मनोज नेगी, सिद्धांत नेगी, प्रवीन नेगी, कविता, अजय नेगी, रंजना, आशीष नेगी, बचन नेगी, शांति देवी, मोहन कुमारी, धीरज नेगी, श्रीकांत, आशीष नेगी, तमन्ना नेगी, राजा राम, उपेंद्र नेगी, किरण, अमित, निमेश, रिदिमा, शिवांश, अमरेंद्र सहित करीब साठ लोगों का कहना है कि वे तीन दिन से हेलीकॉप्टर का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उन्हें हेलीकॉप्टर की सुविधा नहीं मिल पा रही है। इन लोगों ने बताया कि कुछ लोग बीमार हैं तो कुछ अपने बच्चों को लेने के लिए रामपुर आए थे। इन्होंने बताया कि प्रशासन उनके मौलिक अधिकार वोट देने का भी हनन कर रहा है। इधर, एसडीएम रामपुर दलीप नेगी का कहना है कि हेलीकॉप्टर में राशन और दवाइयां भेजी गई हैं। उन्होंने कहा कि सांगला के लिए भी हेलीकॉप्टर भेजा जा रहा है।

बाक्स..
छह दिन के बच्चे के साथ हेलीकॉप्टर का इंतजार
रामपुर बुशहा। सांगला निवासी रोशनी अपने छह दिन के बच्चे के साथ तीन दिन से सिंगला हेलीपैड पर सुबह से शाम तक खड़े होकर हेलीकॉप्टर का इंतजार कर रही है। लेकिन, अभी तक उन्हें हेलीकॉप्टर नहीं मिल पाया। महिला का कहना है कि वह सांगला से रामपुर अस्पताल आई थीं, जहां उसके बच्चे का जन्म हुआ। उसे चिकित्सकों ने घर भेज दिया है। महिला का कहना है कि अब तो पैसे भी खत्म हो गए हैं।

Related posts