
रोहड़ू। चिड़गांव तहसील की सुदा भौंडा पंचायत के तहत मांदली गांव के साथ पब्बर नदी के लगातार भूकटाव से ग्रामीण खौफजदा हैं। ग्रामीणों ने शनिवार को एसडीएम से मुलाकात कर बरसात में गांव की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।
ग्रामवासियों का कहना है 16 जून को भारी बरसात के बाद नदी का बहाव गांव की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों के कई खेतों सहित आलू की फसल भी नदी के कटाव से बह चुकी है। नदी का कटाव लोगों के घरों से मात्र बीस मीटर की दूरी पर पहुंच चुका है। आने वाले दिनों में बरसात अधिक हुई तो लोगों के घर बहने की पूरी संभावना है। मांदली निवासी सतीश और नरेश जमालटा ने बताया उन्होंने पंचायत प्रधान तथा नायब तहसीलदार से मौके का जायजा करवाया है। उसके बाद एसडीएम से भी लोगों ने सहायता की मांग की है। मांदली गांव निवासी ज्ञान सिंह, फिना दास पूरन, ब्याशु, जय चंद तथा कृष्णु ने बताया नदी के कटाव से आने वाले दिनों में उनके घरों को खतरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बारिश आने के बाद लोग रात के समय अपने घरों में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आग्रह किया है कि बरसात से पहले गांव को बचाने के लिए अस्थायी व्यवस्था की जाए।
एसडीएम वाईपीएस वर्मा ने बताया कि लोगों ने उनसे गांव की सुरक्षा के लिए मुलाकात की है। उन्होंने कहा कि इसकी सूचना प्रदेश सरकार तथा जिला प्रशासन को भेजी जा रही है।
