
रामपुर बुशहर। मंडी लोकसभा सीट पर रविवार को हुए उपचुनाव के प्रति यहां के लोगों में जोश दिखाई नहीं दिया। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की धर्मपत्नी प्रतिभा सिंह के बतौर उम्मीदवार चुनावी दंगल में उतरने के बावजूद मतदान केंद्रों के बाहर वोटरों की कमी नजर आई। प्रत्याशी रामपुर से होने पर यहां वोट प्रतिशत बढ़ने के कयास लगाए जा रहे थे। छह माह पूर्व हुए विधानसभा चुनाव पर नजर दौड़ाएं तो उस समय 74 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले थे, लेकिन उपचुनाव में वोटिंग करीब 57 प्रतिशत पर सिमट गई। रामपुर विधानसभा क्षेत्र में 136 बूथों पर मतदान हुआ। सुबह से ही प्रत्येक बूथ पर कम लोग नजर आए। रामपुर शहर के लिए पदम स्कूल में बनाए गए पोलिंग बूथों पर सुबह पहले घंटे में हालात यह थे कि कर्मचारी वोटरों की राह ताकते नजर आए। नौ बजे जब मुख्यमंत्री अपने परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे तब भी पदम स्कूल परिसर लगभग खाली था। वहां वोटरों की अपेक्षा पोलिंग कर्मचारी और ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवान ही अधिक दिखाई दे रहे थे। पदम स्कूल में 9 से 11 बजे तक वार्ड तीन के पोलिंग बूथ पर 44, दो नंबर के बूथ पर 54, एक नंबर के बूथ पर 93, छह नंबर के बूथ पर 85 और चार नंबर के बूथ पर 90 लोगों ने वोट पड़े। मतदान धीमी गति से होने से साफ लगा रहा था कि लोगों में उपचुनाव के प्रति रुचि नहीं है। वहीं इससे वोट प्रतिशत पर भी असर पड़ा। आठ से पांच बजे तक मतदान चला, लेकिन अनुमान के मुताबिक मतदान नहीं हो पाया। कांग्रेसी नेता वोटरों को घर से मतदान केंद्र तक पहुंचाने में असफल रहे।
रामपुर में 57, आनी में 52 प्रतिशत मतदान
सचित्र…….
रामपुर बुशहर/आनी। कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के गृहक्षेत्र में लोकसभा उपचुनाव के लिए करीब 57 प्रतिशत मतदान हुआ। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम दलीप कुमार नेगी ने बताया कि मतदान शंातिपूर्ण ढंग से निपटा। कहीं से भी किसी तरह की गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया सफल बनाने के लिए 544 कर्मचारियों समेत पुलिस और आईटीबीपी के 400 जवान तैनात किए गए थे। चुनाव निपटने के बाद देर शाम तक कर्मचारी ईवीएम मशीनों के साथ पदम स्कूल परिसर पहुंचे। मशीनों को मतगणना तक स्कूल में बनाए स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा। ईवीएम से छेड़छाड़ न हो, इसके लिए स्ट्रांग रूम के बाहर आईटीबीपी के करीब दो दर्जन जवान पहरा देंगे।
इधर, मंडी लोस के लिए आनी विस क्षेत्र में पिछले विस चुनावों की अपेक्षा बहुत कम मतदान हुआ है। आनी विस क्षेत्र में 52 प्रतिशत मतदान हुआ है, जो हाल ही में हुए विस चुनाव के मुकाबले करीब 25 प्रतिशत कम है। हालांकि, मतदान केंद्रों में कई बुजुर्गों ने भी मतदान में बेहद रुचि दिखाई है। वहीं, मतदान करीब छह बजे तक चलता रहा। बावजूद इसके संतोषजनक मतदान नहीं हो पाया। आनी विस क्षेत्र के बांशा में सबसे अधिक 80.53 प्रतिशत मतदान हुआ, वहीं गोथना में सबसे कम 36.31 प्रतिशत मतदान रहा। आनी के कराणा गांव में 66 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले। सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम आनी नीरज गुप्ता ने बताया कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही।
