
रिकांगपिओ (किन्नौर)। नेशनल हाईवे बंद होने से जिले के आखिरी गांव शलखर में करीब 13 लोग फंसे हैं। इनमें से कुछ लोग बीमार बताए जा रहे हैं, जबकि आधा दर्जन स्कूली बच्चे शामिल हैं। पंचायत प्रधान शलखर अंगचुक ने इन्हें निकालने के लिए जिला प्रशासन से हेलीकॉप्टर सेवा की मांग की है। प्रधान के मुताबिक इन तेरह लोगों में शलखर निवासी रिगजिन, मूरूप दोरजे, रामलाल, ठंगी निवासी सुभाष और उनकी पत्नी बीमार हैं। जल्द इनको उपचार नहीं मिला, तो इनकी हालत बिगड़ सकती है। इसके अलावा यहां पदमा बारंग की पदमा अंगमो, कानम के होशियार सिंह भी सड़क बंद होने के कारण घर नहीं जा पाए हैं। शलखर के करीब आधा दर्जन बच्चे भी यहीं फंसे हैं। ये रिकांगपिओ में पढ़ते हैं, लेकिन सड़क बंद होने से वे भी स्कूल नहीं जा रहे हैं। पंचायत प्रधान ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इन लोगों को रिकांगपिओ तक पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर सुविधा दी जाए। उपायुक्त कैप्टन जेएम पठानिया ने बताया कि लोगों की हरसंभव मदद की जाएगी। अगर मौसम ठीक रहा तो हेलीकॉप्टर सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
