
उत्तरकाशी।
बीते सात जून को उत्तरकाशी से गंगोत्री-कालिंदी-बदरीनाथ ट्रैक पर निकला 11 सदस्यीय ट्रैकिंग दल कई दिनों तक सीता ग्लेशियर में फंसे रहने के बाद सुरक्षित लौट आया है।
पश्चिम बंगाल के पर्यटक अनिक चटर्जी, सत्यसाची परामनिक, सिवेन दत्ता और कविराज तपस सहित 13 सदस्यीय दल सात जून को उत्तरकाशी से कालिंदी ट्रैक के लिए रवाना हुआ था। यह दल 12 जून को वासुकीताल से आगे खड़ा पत्थर पहुंच गया था। इस दौरान मौसम खराब होने पर पोर्टर प्रेम बहादुर और मुकेश वहां से वापस लौट आए। उन्होंने उत्तरकाशी पहुंचकर इस दल के लापता होने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि उस दौरान वासुकीताल से अरबानाला के बीच कई फिट बर्फ पड़ चुकी थी।
शनिवार को यह दल वापस गंगोत्री पहुंच गया। पर्यटकों को लेकर गए एडवेंचर गढ़वाल ट्रैक एंड टूर के प्रदीप पंवार ने दूरभाष पर बताया कि 12 जून से क्षेत्र में भीषण बर्फबारी हो रही है। उनका दल सीता ग्लेशियर में कई दिनों तक फंसा रहा। भारी मशक्कत कर वे लोग 22 जून को सुरक्षित गंगोत्री पहुंच गए हैं। इस दल में पोर्टर भूपेंद्र सिंह, नेमपाल सिंह, कृतम सिंह, विजय सिंह, भजन सिंह और भीम प्रसाद भी शामिल हैं।
