सात दिन बाद सलामत लौटे भाजपा नेता

जुब्बल (शिमला)। किन्नौर के सांगला में कुदरती कहर के बाद सात दिन से फंसे जुब्बल कोटखाई के भाजपा नेता सुरक्षित घर वापस आ गए हैं। भाजपा मंडल के पदाधिकारियों ने किन्नौर की नाजुक स्थिति को बयान करते हुए सरकारी तंत्र की लचर व्यवस्था पर रोष जताया है।
किन्नौर में सात दिन तक बुरी स्थिति का सामना करके सही सलामत घर लौटे जुब्बल कोटखाई भाजपा मंडल अध्यक्ष लायक राम चौहान, महामंत्री उमेश शर्मा, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष बलबीर ठाकुर, मंडल उपाध्यक्ष इंद्र चौहान, महामंत्री गोपाल जबैइक, किताब सिंह नेगी, बिशन पेजटा, भवानी ठाकुर, यशवीर जस्टा, राविंद्र चौहान, लीलाधर नाथन, राजिंद्र शर्मा और हरीश चौहान ने बताया कि किन्नौर में मूसलाधार वर्षा तथा बाढ़ आने से भारी तबाही हुई है। उन्होंने बताया कि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री नरेंद्र बरागटा भी उनके साथ सात दिन तक सांगला में फंसे रहे। हालत इतने नाजुक हो गए थे कि तीन दिन तक सभी बिना कुछ खाए पीए हेलीकॉप्टर के आने का इंतजार करते रहे। सरकारी तंत्र इतना लचर था कि किन्नौर में फंसे लोगों के लिए न तो खाने-पीने की कोई व्यवस्था थी और न ही लोगों को समय पर क्षेत्र से निकाला जा रहा था। प्रशासनिक तंत्र सबसे पहले किन्नौर में फंसे कांग्रेस नेताओं को निकालने में जुटा हुआ था। जो हवाई सेवाएं सांगला से लोगों को बाहर रामपुर या शिमला ले जाने के लिए थीं, उन्हें अचानक रिकांगपिओ के लिए सांगला से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उठाने के लिए लगा दिया गया। जब सभी कांग्रेसी नेताओं को किन्नौर से निकाला, उसके बाद बाकी लोगों को नंबर आया। सात दिन के इंतजार के बाद भूख से त्रस्त भाजपा कार्यकर्ताओं को यहां से निकाला गया। सरकारी तंत्र पुरी तरह से विफल रहा, जिसकी भाजपा कड़े शब्दों में निंदा करती है।

Related posts