कई किमी तक एनएच का मिटा नामोनिशान

सांगला (किन्नौर)। जिले में आने वाले करीब तीन सप्ताह तक यातायात बहाल होता नजर नहीं आ रहा है। हालांकि, सीमा सड़क संगठन और जेपी कंपनी ने सड़क बहाल करने के लिए करीब नौ सौ करीब मजदूर और 80 मशीनों को काम पर लगा रखा है। लेकिन, पहाड़ियों पर से गिर रहे पत्थरों के कारण काम में तेजी नहीं लाई जा रही है। अभी तक बिजली और पानी की आपूर्ति भी बहाल नहीं हो पाई है। इसके चलते क्षेत्र के लोग एक सप्ताह से अधिक समय से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। हालांकि, बिजली बोर्ड सांगला वैली और भावा वैली में बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास कर रहा है। लेकिन, जगह जगह पोल गिरने से बिजली की आपूर्ति बहाल करने में परेशानी पेश आ रही है।
इधर, वीरवार को सड़क बहाल करते समय जेपी के महेश नेगी, टाशी नेगी और लोक निर्माण विभाग के कार्यवाहक प्रभारी जगदीश को चट्टानें गिरने से चोटें आई हैं। इधर, सीमा सड़क संगठन के ओसी एचआर वनराज का कहना है कि वांगतु से कौरिक तक जगह-जगह कई किमी सड़क का नामोनिशान तक मिट गया है। ऐसे में कई किमी सड़क का निर्माण नए सिरे से किया जा रहा है। इसके चलते काम में देरी हो रही है। वहीं बिजली बोर्ड के एक्सईएन रिकांगपिओ अजीत नेगी ने कहा कि टापरी से रिकांगपिओ तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। जबकि, सांगला वैली और भावा वैली के लिए बिजली आपूर्ति के लिए कड़े प्रयास किए जा रहे हैं। इधर, जेपी कंपनी के अतिरिक्त महाप्रबंधक अर्जुन सिंह घुमन ने बताया कि उन्होंने सड़क निर्माण के लिए अपनी मशीनों के अलावा लेबर भेजी है।

बाक्स
सांगला वैली के अधिकांश क्षेत्र में पानी की आपूर्ति भी अभी भी बहाल नहीं हो पा रही है, जिस कारण क्षेत्र के लोगों को परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। कनिष्ठ अभियंता अश्वनी कुमार ने बताया कि सांगला के कई क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण कई स्रोतों से पाइपें तक उखड़ चुकी हैं। इसके चलते परेशानी पेश आ रही है। उन्होंने बताया कि नए पाइप लाए जा रहे हैं। इसके बाद पानी की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

Related posts