
रानीखेत। पूर्व विधायक और कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष पूरन माहरा ने कहा है कि आपदा पीड़ितों के लिए मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और दायित्वधारियों को अपनी तीन-तीन माह की तनख्वाह आपदा प्रभावित कोष में जमा करानी चाहिए। यदि ऐसा होता है तो यह और लोगों के लिए भी उदाहरण होगा। इसकी पहल होनी चाहिए। इससे काफी हद तक लाभ होगा।
रानीखेत में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अलग-अलग बैठकों में प्रदेश में आई इस दैवीय आपदा पर दुख जताया गया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसी आपदा पहले कभी नहीं आई। भाजपा की बैठक में महामंत्री दर्शन बिष्ट ने प्रदेश सरकार से युद्ध स्तर पर आपदा से निपटने को कहा, प्रभावितों को उचित मुआवजा देने की मांग भी की। बैठक में जिलाध्यक्ष मदन माहरा, चंदन भगत, दीप भगत, विमल भट्ट, हंसादत्त बवाड़ी, अविनाश गोयल, अशोक पंत सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद थे। कांग्रेस की बैठक में करन माहरा, नगर अध्यक्ष कैलाश पांडे, हरीश मनराल, संदीप पाठक, गोपाल देव, नंदन माहरा, ब्लाक अध्यक्ष बचे सिंह देव, अभिषेक बिष्ट सहित तमाम कार्यकर्ताओं ने आपदा पर दुख जताया है। द्वाराहाट के विधायक मदन बिष्ट, पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, प्रमुख राजेंद्र किरौला, नगर पंचायत अध्यक्ष विमला साह, यूथ कांग्रेस कमेटी के नाराण सिंह रावत, कृष्णा राठौर, नंद लाल, दीपक नेगी, हरीश आर्या, भूपाल आर्या, उमराव सिंह नेगी ने गहरा शोक जताया है।
