समस्याओं को लेकर भड़की किसान सभा

कुमारसैन (शिमला)। किसान सभा ने सड़क, पानी और बिजली से संबंधित समस्याओं पर चर्चा कर एजेंडा तैयार किया। खंड स्तरीय सम्मेलन में किसान सभा ने सरकार से समस्याओं के निराकरण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। कहा कि अगर समस्याएं जल्द हल नहीं की गईं तो जनता के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान बतौर मुख्यातिथि शरीक किसान सभा के राज्य उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राकेश सिंघा ने कहा कि नारकंडा ब्लाक में कहीं सड़क की हालत ठीक नहीं है। कहीं बिजली तो कहीं पानी नहीं है। इसके चलते लोग कई समस्याओं से दो चार हो रहे हैं। सबसे अधिक दिक्कत खराब सड़कों की वजह से पेश आ रही है। आने वाले दिनों में सेब सीजन शुरू होने वाला है, जिससे सेब ढुलाई प्रभावित होना तय है। उन्होंने रोष जताते हुए कहा कि सर्दी में बागवानों का लाखों का नुकसान हुआ, लेकिन सरकार ने मुआवजा देना तो दूर आकलन तक नहीं करवाया। इससे साफ है कि सरकार को किसान-बागवानों के हितों की चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर सेब सीजन में कार्टन तथा ट्रे के रेट बढ़ाए गए तो इसका जमकर विरोध किया जाएगा। उन्होंने नारकंडा ब्लाक के सरकारी कार्यालयों में बनी स्टॉफ की कमी को दूर करने की मांग सरकार से की। कहा कि बड़ागांव-बैहना पेयजल योजना का कार्य सात वर्ष बाद भी पूरा नहीं हुआ है। काम में क्यों देरी हो रही है, इसकी सीबीआई से जांच कराई जाए। सम्मेलन में कुमारसैन इकाई प्रधान केशव राम, सचिव राकेश वर्मा, उपप्रधान सुरेंद्र, तारा चंद, सुनीता, काकू, हीरानंद, सुधीर, गोविंद, रक्षा देवी, इंद्र फौजी आदि मौजूद रहे।

Related posts