
जुब्बल (शिमला)। सावड़ा कुड्डू परियोजना की कोस्टल कंपनी में काम कर रहे मजदूरों को तीन माह से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है।
सावड़ा कुड्डू हाईडल प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन ने चेतावनी दी है कि 22 जून तक मजदूरों को वेतन नहीं मिला तो वे आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। मजदूर यूनियन के अध्यक्ष राकेश कोटवी, सह सचिव रजनीश नैंटा ने बताया कि कोस्टल कंपनी में काम कर रहे करीब साढ़े चार सौ मजदूरों को तीन महीने से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। इससे पहले 11 अप्रैल को उन्होने वेतन की मांग को लेकर हाटकोटी कैंची में चक्का जाम भी किया था। उन्होंने कहा कि 11 अप्रैल को परियोजना प्रबंधन तथा प्रशासन के सामने कोस्टल कंपनी ने समझौते के दौरान मजदूरों को हर महीने दस तारीख से पहले वेतन के भुगतान पर सहमति व्यक्त की थी, लेकिन अभी तक मजदूरों के हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 22 जून तक परियोजना प्रबंधन और कंपनी की ओर से वेतन का भुगतान नहीं किया जाता है तो वे परियोजना में काम रोक कर सीटू के बैनर तले आंदोलन करेंगे।
एचपीपीसीएल के जीएम आरएम गुप्ता ने कहा कि कोस्टल कंपनी तथा एचपीपीसीएल के बीच कुछ दस्तावेजों की औपचारिकता पूरी होनी शेष है। इसके बाद ही वह मजदूरों के भुगतान के लिए कंपनी के साथ बात कर सकते हैं। उन्होने कहा कि एचपीपीसीएल मजदूरों का शीघ्र बकाया वेतन भुगतान करने की कोशिश में है।
