
रामपुर बुशहर। एसजेवीएन लिमिटेड के 1500 मेगावाट के नाथपा झाकड़ी प्रोजेक्ट में विद्युत उत्पादन फिर ठप हो गया। रविवार को भारी बारिश के कारण टापरी नाले में आई बाढ़ से सतलुज नदी में सिल्ट की मात्रा बढ़ गई, जिससे उत्पादन में ब्रेक लग गई। रविवार छह बजे बंद हुए प्रोजेक्ट में सोमवार को भी उत्पादन शुरू नहीं हो पाया। बताया जाता है कि नदी में सिल्ट की मात्रा 15 हजार पीपीएम से ऊपर चल रही है, जिससे टरबाइनों को नहीं चलाया जा सका। उत्पादन ठप रहने से हिमाचल, हरियाणा, जम्मू एवं कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और चंडीगढ़ को बिजली की आपूर्ति ठप है। एसजेवीएन लिमिटेड के एजीएम (जनसंपर्क) विजय वर्मा ने प्रोजेक्ट में उत्पादन बंद होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि भारी बारिश और टापरी नाले में आई बाढ़ से सतलुज नदी में अत्यधिक सिल्ट आ गई। इससे रविवार शाम छह बजे प्रोजेक्ट बंद करना पड़ा। सोमवार को नदी में सिल्ट की मात्रा 15 हजार पीपीएम से अधिक रही, जिससे उत्पादन शुरू नहीं हो पाया। सिल्ट की मात्रा चार हजार पीपीएम से नीचे जाने पर ही उत्पादन शुरू किया जा सकेगा। अधिक सिल्ट पर जनरेशन करने से मशीनों को नुकसान पहुंचता है। प्रबंधन सतलुज में सिल्ट घटने का इंतजार कर रहा है। उत्पादन ठप होने से प्रोजेक्ट से उत्तरी ग्रिड की आपूर्ति भी ठप हो गई है। इससे हिमाचल समेत नौ राज्यों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। अगर जल्द उत्पादन शुरू नहीं हुआ तो इन राज्यों में बिजली संकट गहराना तय है। इस माह सिल्ट के कारण प्रोजेक्ट में तीसरी बार उत्पादन बंद हुआ है।
