…तो बरसात में नहीं होगा खाद्यान्न संकट

रुद्रप्रयाग। जिला पूर्ति विभाग ने वर्षाकाल में खाद्यान्न संकट से निपटने के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। विभाग स्तर से तीन माह के लिए एडवांस कोटे की डिमांड संभागीय खाद्य नियंत्रक से की है। उम्मीद है कि जिले की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए जून तक रसद और मिट्टी तेल का कोटा गोदाम तक पहुंच जाएगा।
आपदा की दृष्टि से जिला अति संवेदनशील है। मानसून सत्र के दौरान जिले के अधिकांश मार्ग पहाड़ी से मलबा आने के कारण क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। इसके अलावा बदरीनाथ-केदारनाथ राजमार्ग भी बाधित हो जाते हैं, जिससे जिले में रसद की आपूर्ति प्रभावित हो जाती है।
इसी समस्या को देखते हुए जिला पूर्ति विभाग ने 27283.28 क्विंटल एडवांस राशन की डिमांड की है, जिसमें एपीएल कोटे के लिए गेहूं 9779.18 क्विंटल, चावल 1538.82 क्विंटल, बीपीएल श्रेणी में 7862.88 क्विंटल चावल और 3255.36 क्विंटल गेहूं शामिल है, जबकि अंत्योदय श्रेणी के लिए 3398.04 क्विंटल चावल, 1449 क्विंटल गेहूं की डिमांड की गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी जगदीश वर्मा ने बताया कि जिले की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए तीन माह का एडवांस कोटा मांगा गया है। जून अंतिम माह तक कोटा पहुंचने की उम्मीद है।

Related posts