शमशीर मंदिर से लाखों की मूर्तियां चोरी

सांगला (किन्नौर)। जिला के रक्छम स्थित शमशीर देवता के मंदिर में मंगलवार देर शाम को लाखों की अष्टधातु, सोने और चांदी की मूर्तियों पर चोर हाथ साफ कर गए। चोर मंदिर के दरवाजे को उखाड़ कर मंदिर में रखी इन दस मूर्तियों को चुराकर चलते बने। सूचना मिलते ही पुलिस का एक दल मौके पर पहुंचा और घटना का जायजा लेकर मामले की छानबीन शुरू की। हालांकि, अभी तक पुलिस के हाथ कोई सफलता नहीं लग पाई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रक्छम स्थित शमशीर मंदिर में देर रात डाका डाला गया। हालांकि, पहले चोरों ने दरवाजे को काटने का प्रयास किया लेकिन सफल न होने पर चोर दरवाजा उखाड़ कर चोरी की घटना को अंजाम देने में सफल रहे। चोरों ने शमशीर देव की पालकी से दस मूर्तियों को चुरा लिया है। इनमें एक अष्टधातु, दो सोने और अन्य सात चांदी की मूर्तियां शामिल हैं।
इसके अलावा चोर देवी मां भगवती की एक सोने और एक चांदी की मूर्ति सहित देवी की तीन तोले की नत्थ, एक किलो चांदी की चुटी, तीन तोले मंगल सूत्र और तीस हजार की नकदी पर भी चोर हाथ साफ कर गए हैं। इसके अलावा मंदिर से चांदी के वाद्ययंत्र, दो रोंशिग और एक कनाल भी गायब है। हालांकि मुख्य द्वार के पास चोर अपना रुमाल छोड़ गए हैं। घटना का पता उस समय चला, जब गुलशन नेगी पूजा करने मंदिर पहुंचे। उन्होंने इसकी सूचना ग्रामीणों के अलावा पुलिस को दी। ग्रामीण आसपास के जंगल और खेतों में चोरों की तलाश में जुट गए। वहीं, पुलिस ने जिले के चौरा, निगुलसरी, सोलडिंग, भावानगर, सुंगरा, टापरी, वांगतू करछम, सांगला रक्छम और छितकुल सभी आने जाने वाले लोगों और वाहनों की छानबीन की जा रही है। एसपी शिव कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

…बाक्स…..
चोरी के समय कहां थे होमगार्ड
मंदिर की सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से दो होमगार्ड के कर्मी तैनात किए गए हैं, लेकिन बताया जा रहा है कि घटना के समय मंदिर की सुरक्षा में कोई भी तैनात नहीं था। ऐसे में सवाल उठता है कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी कहां थे?

Related posts