
लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई ने आतंकवादियों को रिहा करने के प्रदेश सरकार के प्रयासों पर रोक लगाने संबंधी उच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत किया है। भाजपा ने कहा है कि अदालत का यह फैसला सरकार के मुंह पर तमाचा है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता चंद्रमोहन सिंह ने पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, ‘‘न्यायालय के फैसले से यह साबित हो गया है कि प्रदेश सरकार राष्ट्र विरोधी असंवैधानिक कृत्यों में लिप्त है।’’ सिंह ने कहा, ‘‘न्यायालय के फैसले के बाद अब सरकार को अपनी गलती मान लेनी चाहिए तथा राज्यपाल को भी इस संदर्भ में तत्काल हस्तक्षेप कर सरकार को कड़ी चेतावनी देनी चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार प्रदेश सरकार के आतंकवादियों को रिहा करने के निर्णय का विरोध करती आ रही है। प्रदेश की समाजवादी पार्टी की सरकार मुस्लिम वोटों के लालच में आतंकवादियों को रिहा करने जैसा राष्ट्र विरोधी काम कर रही है। सिंह ने कहा कि सपा सरकार की नीतियों की वजह से ही आतंकवादियों का हौसला बढ़ रहा है और वे प्रदेश में घुसपैठ करने का साहस दिखा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ ने उत्तर प्रदेश की सपा सरकार को झटका देते हुए आतंकवादी घटनाओं के आरोपियों पर से मुकदमा वापस लेने के राज्य सरकार के आदेश पर शुक्रवार को रोक लगा दी।
