सड़क के लिए सड़क पर उतरने की चेतावनी

डंसा (शिमला)। ग्राम पंचायत मुनिश के तहत बनी आठ किमी बरकल-थला सड़क पर बड़े वाहन नहीं दौड़ पा रहे हैं। इस सड़क पर इतने तंग मोड़ हैं कि यहां बड़े वाहन नहीं चल सकते।
लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के चलते दो महीने से सड़क पर भेजा डोजर भी धूल फांक रहा है। थला के ग्रामीणों ने दो टूक कहा है कि यहां विभाग या तो डोजर वापस ले जाए या फिर कार्य शुरू किया जाए अन्यथा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
बरकल-थला संपर्क सड़क चार-पांच साल पूर्व वाहन योग्य बन चुकी है लेकिन तंग मोड़ और संकरी हालत में बनी इस सड़क पर बड़े वाहन नहीं चल पा रहे हैं। ग्रामीणों की बार-बार मांग करने पर विभाग ने डोजर भेजा था लेकिन कार्य शुरू नहीं हो सका। इसके चलते जहां एक ओर सरकार को रोजाना हजारों का चूना लग रहा है, वहीं दूसरी ओर सड़क की हालत सुधारने का कार्य भी लटका है। ग्रामीणों को छोटे वाहनों में सेब तथा अन्य उत्पाद मंडियों में पहुंचाने के साथ-साथ जोन जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। बरसात और सर्दी के मौसम में दलदल के चलते छोटे वाहन चलाना भी किसी खतरे से खाली नहीं है। इस मार्ग पर रोजाना जांतड़, उरमण, बरकल और थला के लोग सफर करते हैं। मुनिश पंचायत के प्रधान बसंत राम, उपप्रधान हीरा सिंह, हिम्मत सिंह मसोई, किशोरी लाल, जगत सिंह मसोई, राजकुमार, विक्र्रम सिंह, कलम सिंह आदि ग्रामीणों ने सड़क को बड़े वाहनों के लिए जल्द तैयार करने की मांग की है। उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता एसआर सन्याल ने बताया कि सड़क को चौड़ा करने का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।

Related posts