ठेकेदार को ठोंका 11.30 लाख जुर्माना

सांगला (किन्नौर)। जिला के भावानगर में बन रहे बस अड्डे के निर्माण में हुई देरी पर लोक निर्माण विभाग ने ठेकेदार के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। लोनिवि ने कार्रवाई करते हुए ठेकेदार को 11 लाख 30, 869 का जुर्माना ठोंका है। वहीं, बस अड्डे का काम दूसरे ठेकेदार को देने की भी तैयारी शुरू कर दी गई है। लोनिवि ने साफ कर दिया है कि अगर ठेकेदार ने जुर्माना अदा नहीं किया तो विभाग ठेकेदार को भविष्य में किसी भी काम का टेंडर जारी नहीं करेगा।
प्रदेश सरकार ने वर्ष 2007 में भावानगर में बढ़ रहे यातायात के दबाव को देखते हुए यहां बस अड्डे का निर्माण शुरू करवाया था। इसके लिए सरकार ने एक करोड़ 13 लाख 8694 की राशि भी स्वीकृत की थी। इसका शिलान्यास विधायक जगत सिंह नेगी ने किया था। इसके बाद बस अड्डे का टेंडर किया गया, लेकिन छह साल बाद भी अभी तक ठेकेदार उक्त बस अड्डे का निर्माण पूरा नहीं कर पाया। हालांकि, इसके बारे में ठेकेदार को कई बार नोटिस भी जारी किए गए लेकिन फिर भी काम पूरा न करने पर लोक निर्माण विभाग ने ठेकेदार पर 11 लाख 30 हजार 869 का जुर्माना ठोंक कर काम दूसरे ठेकेदार को देने की तैयारी कर ली है। इस बस अड्डे के बनने से निचार खंड की करीब 18 पंचायतों के लोगों के अलावा बाहर से आने वाले सैलानियों को भी सुविधा मिलनी थी।
किसी दूसरे को दिया जाएगा काम : एक्सईएन
लोनिवि के एक्सईएन भावानगर बीएस मेहता ने ठेकेदार को जुर्माना लगाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अब बस अड्डे के निर्माण के लिए किसी दूसरे ठेकेदार को काम दिया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि अगर ठेकेदार ने जुर्माना नहीं भरा तो उसे भविष्य में लोक निर्माण विभाग में कोई टेंडर नहीं दिया जाएगा।

Related posts