
भरमौर (चंबा)। मंडी संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले विस क्षेत्र भरमौर-पांगी में मंडी उपचुनाव को लेकर धीरे-धीरे सियासत गरमाने लगी है। चुनावी पोस्टर भी जगह-जगह दिखने लगे हैं। वहीं, मतदाताओं ने अभी चुप्पी साध रखी है। इस चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखने को नहीं मिल रहा है। महज कुछ माह के लिए एमपी की तैनाती को हो रहे इस उपचुनाव को मतदाता महज औपचारिकता के तौर पर देख रहे हैं। वहीं, यह चुनाव सत्तासीन कांग्रेस और लोस में वापसी की कोशिश में लगी भाजपा के लिए नाक का सवाल बना हुआ है। स्थानीय स्तर पर भी भाजपा और कांग्रेस के नेताओं में वर्चस्व की जंग चल रही है। इस क्षेत्र से पहली बार वन मंत्री बने ठाकुर सिंह भरमौरी के लिए कांग्रेस प्रत्याशी को भारी लीड दिलवाने का दबाव है। वहीं, पहली बार विस चुनाव लड़ने वाले जियालाल कपूर के लिए भी इज्जत का सवाल बना हुआ है। हालांकि इस लोस सीट के दोनों ही प्रत्याशी बाहर से हैं, मगर परीक्षा स्थानीय नेताओं की भी हो रही है। कुल मिलाकर चुनाव भरमौर चुनाव क्षेत्र में तीखी जंग देखने को मिलेगी। चुनाव के नतीजे भी चौंकाने वाले होंगे। भरमौर पांगी विस क्षेत्र करीब 66 मतदाता 137 पोलिंग बूथों में अपने मत का प्रयोग करेंगे। भाजपा और कांग्रेस जगह-जगह प्रचार कर रहे हैं। भाजपा के मीडिया प्रभारी रमेश सुलाखरिया का कहना है कि जयराम ठाकुर की जीत सुनिश्चित बनाने के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी के सभी संगठनों ने कमर कस ली है। एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव सुरजीत भरमौरी का कहना है कि कांग्रेस का प्रत्याशी रिकार्ड मतों से जीतेगा। लोग भाजपा के झूठे प्रलोभनों में नहीं आएंगे। भरमौर क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी ने अभी तक पोस्टर नहीं लगाए हैं। भाजपा ने क्षेत्र में पोस्टर लगाकर बढ़त बना ली है। जैसे ही चुनाव के दिन नजदीक आएंगे, चुनाव प्रचार में तेजी देखने को मिलेगी।
