
चंबा (टिहरी)। श्रीदेव सुमन के नाम पर डाक टिकट जारी करने के लिए सूबे की सरकार केंद्र को प्रस्ताव भेजेगी। जौल गांव में सुमन की आदमकद मूर्ति की स्थापना की जाएगी। राजीव गांधी सहासिक खेल अकादमी टिहरीवासियों के लिए रोजगार का जरिया बनेगा। केंद्रीय योजना आयोग ने झील को पर्यटन की दृष्टि से बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार को मदद का भरोसा दिलाया है। डीपीआर तैयार कर केंद्र को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
जौल गांव में श्रीदेव सुमन के 99वें जन्म दिवस पर श्रीदेव सुमन स्मृति समिति और श्रीदेव सुमन विवि की पहल पर एक दिवसीय सांस्कृतिक विकास मेला आयोजित किया गया। मेले का शुभारंभ करते सीएम विजय बहुगुणा ने कहा कि उत्तराखंड सौभाग्यशाली है, जहां श्रीदेव सुमन जैसे महान क्रांतिकारी ने जन्म लिया है। उनके त्याग और बलिदान से आज इस क्षेत्र में विकास हो रहा है। जौल गांव की सड़क डामरीकरण के लिए डीएम को आगणन तैयार करने के निर्देश दिए। सुमन की भाभी रामकुंवरा और ईश्वरी देवी को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
विधायक दिनेश धनै ने श्रीदेव सुमन का जीवनवृत्त स्कूली पाठ्यक्रमों में शामिल करने और इस मेले को राजकीय घोषित करने की मांग उठाई। साकेत बहुगुणा ने श्रीदेव सुमन के नाम पर स्पोर्ट्स एकेडमी खोलने की मांग उठाई। श्रीदेव सुमन विवि के कुलपति डा. यूएस रावत ने कहा कि श्रीदेव सुमन के नाम पर टिहरी में राज्य विवि खुलना सौभाग्य की बात है। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष कीर्ति सिंह नेगी, जोत सिंह बिष्ट, भागवत बिष्ट, अनिल बडोनी आदि उपस्थित थे। स्कूली छात्र-छात्राओं की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई।
छड़ी और चश्मे किए वितरित
जौल गांव में आयोजित मेले में विभिन्न विभागों की ओर से स्टाल लगाए गए थे। ग्रामीण क्षेत्र विकास समिति रानीचौरी की ओर से नजर के चश्मे और छड़ी का वितरण किया गया। समाज कल्याण विभाग की ओर से 9 छात्राओें को कन्या धन योजना के तहत 25-25 हजार की एफडी तथा शिक्षा विभाग की ओर से 13 छात्राओं को बालिका शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत 2850 की एफडी दी गई।
धूल के गुब्बार बने परेशानी का सबब
श्रीेदेव सुमन के जौल गांव में मेले आयोजन के लिए कई दिनों से समिति की ओर से जोरदार तैयारियां की गई थी। लेकिन चंबा से जौल गांव को जाने वाली सड़क पर उबड़ खाबड होने से लोनिवि ने दो दिन पहले ही सड़क पर मिट्टी बिछाई थी। मेले में आने-जाने वाले लोगों को सड़क पर उड़ रही धूल से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जब भी कोई वाहन गुजर रहा था तो धूल के कारण आगे रास्ता नहीं दिखाई पड़ रहा था।
सैनिक के घर जाकर दी सांत्वना
जमू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो मई को अपने ही साथी की गोली का शिकार हुए सशस्त्र सीमा बल के जवान नरेंद्र सिंह नेगी के घर सौंदकोटी बादशाहीथौल जाकर मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने सैनिक की पत्नी अंजू देवी को सांत्वना देकर हर संभव मदद का भरोसा दिया।
निराशा लगी हाथ
मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के श्रीदेव सुमन के 99 वें जन्म दिवस पर जौल गांव पहुंचने पर क्षेत्रवासियों को बड़ी उम्मीदें थी। लोगों को उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री सुमन के पैतृक घर जो जर्जर हालत में उसे संग्राहलय बनाने, सड़क डामरीकरण करने और मेले को सरकारी मेला घोषित करने की घोषणा करेंगे। मगर कोई घोषणा न होने पर लोगों के हाथ सिर्फ मायूसी लगी।
