
गोपेश्वर। जिला मुख्यालय पर उत्तराखंड भोजन माता कामगार यूनियन ने केंद्र सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया। भोजन माताओं ने सरकारी विद्यालयों से भोजन माताओं को निकाले जाने के सरकार के आदेश को वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के बाद सभी महिलाएं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सम्मुख धरने पर बैठ गईं।
भोजन माताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुपालन में विभाग भोजन माताओं निकाल रहा है, जो सही नहीं है। यूनियन इसका पुरजोर विरोध करेगी। यूनियन की अध्यक्ष भागीरथी देवी ने कहा कि सीएम ने गैरसैंण में भोजन माताओं को बोनस देने की बात कही थी, चुनावों से पूर्व मानदेय बढ़ाने का आश्वासन दिया गया था लेकिन आज तक न बोनस मिला न मानदेय बढ़ा। अगर आदेश को जल्द वापस न लिया तो यूनियन 25 और 26 मई को गोपेश्वर में धरना देगी। इसके बाद भी मांग न मानी तो जून माह से प्रदेशव्यापी आंदोलन होगा। धरने पर बैठने वालों में यूनियन की जिला मंत्री रेखा कंडवाल, कमला जोशी, विजया, इंदु, लक्ष्मी देवी और अनीता सहित कई भोजन माताएं शामिल थीं।
