
नेरचौक (मंडी)। सदर उपमंडल के अंतर्गत डोलगी (बाल्ट) में फसल बोकर सड़क रोकने के मामले में शुक्रवार को तहसीलदार मंडी अजय परासर ने मौके पर पहुंच कर जांच की। तहसीलदार की अगुवाई में उक्त सड़क को बहाल कर दिया गया।
शुक्रवार को तहसीलदार मंडी अजय परासर की अगुवाई में कानूनगो जीवन लाल, कानूनगो बल्ह प्रदीप चंदेल, कानूनगो कार्यालय सुखदेव गुलेरिया, पटवारी हरदेव सिंह व धर्म सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उक्त सड़क पर गांव के एक व्यक्ति ने करीब आधा किलोमीटर पर गेहूं की बिजाई कर रखी थी। प्रशासन व राजस्व विभाग की टीम ने जेसीबी मशीन से बीजी गई फसल को हटा कर सड़क को बहाल कर दिया है।
डोलगी गांव निवासी रमेश कुमार, कमल देव, गौरी दत्त, बृज लाल, टेक चंद, परस राम, कुंता देवी, मेहर चंद व कौशल्या आदि ने सड़क को बहाल करने पर प्रशासन का धन्यवाद किया।
तहसीलदार अजय परासर ने कहा कि डोलगी गांव में सड़क पर फसल की बिजाई कर रोका गया था। इसकी जांच करने पर जेसीबी से फसल को हटाने के बाद सड़क को बहाल कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आईपीएच विभाग ने 18 फीट चौड़ी जगह दो किलोमीटर तक ली है। इसका पैसा भी लोगों को दे दिया गया है। इस सरकारी भूमि के दोनों तरफ मनरेगा के तहत पेड़ लगाए जाएंगे। बाकी जगह आम लोगों के लिए इस्तेमाल होगी।
