
भरमौर (चंबा)। भरमौर उपमंडल के सिमरा जंगल में आग लगने से वन संपदा को काफी नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम लगी आग ने कई छोटे पेड़ों को जला दिया है। साथ ही कई बड़े पेड़ों को भी आग लगने से नुकसान पहुंचा है। जंगल की आग से लाखों की वन संपदा राख होने का अनुमान है। वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी के गृह क्षेत्र में फायर सीजन शुरू होते ही जंगलों में आग लगने का सिलसिला जारी है। जंगल में आग किसने लगाई इसका अभी तक वन विभाग को पता नहीं लग पाया है। शुक्रवार शाम के वक्त भरमौर व प्रघांला पंचायत के बीच आने वाले सिमरा जंगल में शरारती तत्वों ने आग लगा दी। जंगल में आग इतनी फैलती गई आग पर शनिवार दोपहर बाद ही काबू पाया जा सका। उधर वन विभाग का कहना है कि यह आग जमीनी स्तर पर लगी थी, इससे बड़े पेड़ों को नुकसान कम हुआ है। वन मंडल अधिकारी भरमौर सुमन औहरी ने बताया कि आग बुझाने के लिए वन विभाग की टीम समेत साथ स्थानीय ग्रामीणों की भी मदद ली गई है। वन मंडल अधिकारी ने लोगों से आग्रह किया है कि राष्ट्रीय संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले शरारती तत्वों पर नजर रखें और इसकी सूचना वन विभाग को दें। सवाल यह उठता है कि हर साल भरमौर उपमंडल में शरारती तत्व जंगलों में आग लगाकर भाग जाते हैं। विभाग अभी तक ऐसे लोगों को बेनकाब नहीं कर पाया है। इसमें विभाग की कार्यप्रणाली पर अंगुली उठना लाजिमी है।
