
चंबा। सर्व अंशकालीन जलवाहक संघ जिला चंबा की बैठक परिधि गृह चंबा में हुई। बैठक में शिक्षा विभाग में कार्यरत पूर्णकालिक और अंशकालीन जलवाहकों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। जलवाहकों की संयुक्त बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष देसराज ने की। इसमें विभिन्न मांगों पर विस्तारपूर्वक मंथन किया गया। बैठक में उपस्थित दस ब्लाकों ने एकजुटता से स्कूलों में कार्यरत दैनिक भोगियों को 5 वर्ष के भीतर दिहाड़ीदार बनाने की मांग पर जोर दिया। संघ के जिला अध्यक्ष देसराज ने कहा कि 15-16 वर्ष पूर्ण कर चुके जलवाहकों को दैनिक भोगी बनाया गया है, यह फैसला सही नहीं है। इन जलवाहकों को नियमित किया जाना चाहिए। इन जलवाहकों ने इतने लंबे समय तक कम वेतन पर स्कूलों में अपनी सेवाएं प्रदान की हैं। उन्होंने मांग की है कि वर्ष 1997-98 से सेवाएं दे रहे जिन जलवाहकों को नियमित किया गया है, उन्हें वित्तीय लाभ भी दिए जाएं। संघ के जिला अध्यक्ष ने कहा कि जिन अंशकालीन जलवाहकों को 1300 रुपये मासिक वेतन दिया जा रहा है, उन्हें कम से कम तीन हजार रुपयेे मासिक वेतन दिया जाए। जलवाहकों ने सरकार से छुट्टियां का वेतन भी देने का आग्रह किया है। देसराज ने सरकार से मांग की है कि केंद्रीय पाठशालाओं में चपरासी के पद जल्द स्वीकृत किए जाएं। इसके अलावा जिन जलवाहकों को पांच वर्ष के बाद दैनिक भोगी बनाया गया है, उन्हें तीन वर्ष के बाद नियमित किया जाए। जलवाहक संघ ने वन निगम के सरप्लस कर्मचारी शिक्षा विभाग में भेजे जाने पर रोक लगाने की मांग की है। बैठक में संघ के सचिव राज, उपाध्यक्ष पाधी राम, सलाहकार तुलाराम, कमलेश कुमार, कोषाध्यक्ष चौधरी राम, सलूणी ब्लाक के प्रधान सुरेंद्र कुमार, गैहरा के कर्म चंद, गरोला के विपन कुमार, भरमौर के प्यार सिंह, अनिल कुमार, रणदेव, लीला देवी, सुरजन कुमार, निर्मला देवी, मनोहर सिंह, शशि, होकमी, योगराज, आतो देवी, लाल चंद, कंचन कुमार, पप्पू, आशा देवी, कौशल्या देवी, बाबू सिंह, रूप सिंह, शक्ति प्रसाद मौजूद थे।
