
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बनने जा रहे नवाज शरीफ ने कहा कि उनका देश बातचीत के जरिए भारत के साथ सभी अहम मसले सुलझाना चाहता है। बीते 11 मई को हुए चुनावों में शानदार जीत के बाद शरीफ की पार्टी पीएमएल-एन की सरकार बनना तय है। शरीफ ने यह टिप्पणी उस वक्त की जब पाकिस्तान में भारतीय उच्चायुक्त शरत सभरवाल ने लाहौर के रायविंद स्थित उनके आवास में उनसे मुलाकात की।
पीएमएल-एन के अधिकारियों ने कहा कि शरीफ और सभरवाल ने दोनों देशों के बीच रिश्तों में सुधार से जुड़े मामलों पर चर्चा की। पंजाब के मुख्यमंत्री बनने जा रहे शहबाज शरीफ और पीएमएल-एन के वरिष्ठ नेता इशाक डार भी इस मुलाकात के दौरान मौजूद थे । डार को संघीय वित्त मंत्री बनाया जा सकता है। चुनावों में अपनी पार्टी की जीत के बाद से शरीफ अक्सर भारत से संबंधों को सुधारने के बारे में बयान देते रहे हैं। शरीफ ने यह भी कहा था कि तत्कालीन सैन्य प्रमुख परवेज मुशर्रफ ने 1999 में भारत-पाकिस्तान के बीच की जिस शांति प्रक्रिया को बाधित कर दिया था उसे बहाल करने को लेकर वह काफी उत्सुक हैं।
