
सुन्नी (शिमला) मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने गत पांच माह में प्रदेश में विकास की गति में तेजी लाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों एवं समाज के सभी वर्गों के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है और गरीब एवं कमजोर वर्गों के कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री सोमवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के शारड़ा में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने शारड़ा में 44 लाख रुपये की लागत से निर्मित राजकीय उच्च विद्यालय भवन का लोकार्पण किया।
वीरभद्र सिंह ने कहा कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र काफी बड़े भू-भाग में फैला हुआ है और यह प्रदेश की राजधानी के साथ सटा हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में यह क्षेत्र उपेक्षित रहा है। इस विधानसभा क्षेत्र को अगले पांच वर्ष में प्रदेश का सबसे विकसित विधानसभा क्षेत्र बनाने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में बेहतर सड़क सुविधा और अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शारड़ा उच्च विद्यालय को स्तरोन्नत कर वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनाने और यहां विज्ञान एवं वाणिज्य विषय आरंभ करने की घोषणा की। उन्होंने बनूटी में प्राथमिक पाठशाला के भवन का पुनर्निर्माण करने और यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा भी की। उन्होंने जनोल में शवदाह गृह के निर्माण के लिए एक लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने शारड़ा विद्यालय के उन विद्यार्थियों को दस हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की जिन्होंने इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
