कांग्रेस ने बागवानों से किया धोखा : कश्यप

जुब्बल (शिमला)। सेब पर आयात शुल्क सौ प्रतिशत करने का मुद्दा कई बार लोकसभा में उठाया गया। लेकिन, केंद्र की कांग्रेस सरकार के मंत्री आनंद शर्मा ने हर बार आयात शुल्क बढ़ाने की मांग को नकार दिया। हिमाचल के कांग्रेस नेता मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं। बागवानों के हितैषी बनने वाले स्थानीय नेता केंद्र सरकार के समक्ष आयात शुल्क बढ़ाने की मांग को नहीं उठा रहे हैं। यह बात लोकसभा सांसद वीरेंद्र कश्यप ने जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान शनिवार को विभिन्न स्थानों पर जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही। इस मौके पर उनके साथ पूर्व बागवानी मंत्री तथा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र बरागटा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सांसद वीरेंद्र कश्यप ने देवरी खनेटी पंचायत, क्यारी, कोटखाई, गुम्मा, खल्टू नाला, कलभोग, रतनाड़ी तथा बागी पंचायत के दौर पर जनसभाओं को संबोधित किया। कश्यप ने बताया कि कांग्रेस ने मात्र बागवानों के साथ धोखा किया है। बाहरी देशों से आयात होने वाले सेब पर शुल्क घटा दिया गया है। इससे हिमाचली सेब के दामों में गिरावट आई है। केंद्र सरकार भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई है। आए दिन सरकार के मंत्री करोड़ों रुपये के घोटालों में फंसते जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली में बागवानों से वसूली जा रही सेब कमीशन के मुद्दे को भी उच्च न्यायालय में उठाया गया था, लेकिन बाद में शिला दीक्षित सरकार ने विधानसभा में सेब कमीशन पर विधेयक लाकर उसे निरस्त कर दिया। कांग्रेस नेता तथ्यहीन बयानबाजी कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। इस अवसर पर मंडल महामंत्री गोपाल जबैईक, रविंद्र चौहान, पंचायत समिति सदस्य लायक राम चौहान, विभिन्न पंचायतों के प्रधान राकेश डोगरा, द्रोपदी देवी, योगिंद्र, सुनील, कंवर सिंह डोगरा, ज्ञान ठाकुर, गुड्डी देवी, शर्मीला पुरटा तथा संतोष उपस्थित थे।

Related posts