
सोलन। अब स्तन कैंसर के टेस्ट करवाने के लिए महिलाओं को शिमला या चंडीगढ़ नहीं जाना पडे़गा। सोलन अस्पताल में करीब छह माह से खराब पड़ी मैमोग्राफी मशीन जल्द ही ठीक होने वाली है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग दिल्ली की सीमंस कंपनी को 1,91,012 रुपये का एक साल के लिए यह टेंडर दिया है। एक साल में मशीन में कोई भी खराबी आने पर कंपनी निशुल्क ठीक करेगी। इसके अतिरिक्त मशीन के किसी भी पार्ट में खराबी आने पर भी कंपनी उस पार्ट को निशुल्क बदलेगी। इसकी पुष्टि सीएमओ सोलन डा. शशीपाल ने आरकेएस की बैठक में की।
उनके अनुसार कंपनी से अनुबंध किया जा चुका है। प्रतिवर्ष उसी कंपनी से मशीन का बीमा करवाया जाएगा, जिससे मशीन में कोई भी खराबी आने पर ठीक करने की जिम्मेवारी कंपनी की होगी। मशीन अस्पताल में करीब तीन वर्ष पहले स्थापित की गई थी, इसे स्थापित करने में 42 लाख रुपये का खर्चा आया। आरकेएस की बैठक में एमएस डा. यशवंत वर्मा, नप अध्यक्ष कुलराकेश पंत, डा. सुरेंद्र टेग्टा और बैनी प्रसाद भी मौजूद रहे।
इन मुद्दों पर हुई चर्चा
आरकेएस की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। जिसमें अस्पताल भवन में पेंट करवाए जाने, आपरेशन थियेटर टेबल के लिए 2.25 लाख रुपये खर्च करने, ब्लड बैंक में एयर कंडीशनर लगाने के लिए मार्केट से सबसे कम प्राइज मांगे जाएंगे। दो नए पर्ची काउंटर खोले जाएंगे। रजिस्टेशन काउंटर की रिपेयर की जाएगी। नए भवन में कैंटीन खोली जाएगी। रोगियों को बैठने के लिए 40 बैंच लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त अस्पताल में सीसीटीवी कैमरा लगाने के लिए कई नामी उद्योग आगे आ रहे हैं। वह निशुल्क अस्पताल को सीसीटीवी कैमरा डोनेट करेंगे। आरकेएस की बैठक में उद्योगों के नाम पर भी बातचीत की गई।
