
जमटा (सिरमौर)। अमर उजाला के अभियान का असर कई क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। इस बार ओवरलोडिंग को लेकर 70 स्कूली छात्रों ने हंगामा कर दिया। शुक्रवार को नाहन से नहर स्वार जा रही परिवहन निगम की बस को छात्रों ने घेर लिया। जमटा के अंतर्गत बरमण बस स्टाप पर छात्रों ने चक्का जाम कर दिया। इस घटना को लेकर चालक-परिचालक सकपका गए।
परिवहन कर्मियों तथा स्कूली बच्चों के बीच ओवरलोडिंग को लेकर तीखी नोकझोंक भी हुई। अहम बात यह रही कि ओवरलोडिंग के मामले में कुछ स्थानीय यात्रियों तथा बुद्धिजीवियों ने भी छात्रों का जमकर साथ दिया। छात्रों का आरोप था कि बस हमेशा ओवरलोड रहती है। जबकि, उन्हें जमटा अथवा नाहन आने के लिए कभी भी सीट नहीं मिल पाती।
चालक तथा परिचालक ओवरलोडिंग को लेकर हमेशा लापरवाह बन रहे हैं। वह कई बार स्कूलों में समय पर न पहुंचने के कारण घर लौट आते हैं। छात्रों ने आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें अपनी जान जोखिम में डालकर अन्य लोगों के साथ छतों पर सफर करना पड़ रहा है। जोकि उन्हें गवारा नहीं।
इस मामले में जमटा नावणी पंचायत प्रधान कमला देवी, नेहली धीड़ा पंचायत प्रधान राम रतन के अलावा लक्ष्मी दत्त, सुरेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, नागेंद्र सिंह, रामचंद्र, हुनर सिंह आदि ने बताया कि ओवरलोडिंग परिवहन निगम की लापरवाही के कारण हो रही है। क्षेत्र में बसें ठीक प्रकार से नहीं भेजी जा रहीं। अगर शीघ्र इस समस्या को नहीं सुलझाया गया तो ग्रामीण छात्रों के साथ मिलकर आंदोलन छेड़ देंगे। उधर, इस संबंध में नाहन बस अड्डा के सहायक प्रभारी सुखराम ठाकुर ने बताया कि वह इस मामले की पूरी छानबीन कर रिपोर्ट क्षेत्रीय प्रबंधक को सौंपेंगे।
