
महादेव (मंडी)। सुंदरनगर में एचआरटीसी की बस सेवा से परेशान छात्रों ने वीरवार को मलोह में दो घंटे तक सड़क में बैठ कर चक्का जाम किया। स्थानीय प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस सहित मौके पर जाकर यातायात को बहाल करवाया। एसडीएम सुंदरनगर के आदेश से निगम ने मलोह में बस सेवा सुचारू कर दी है।
सुंदरनगर में निगम ने वर्षों पुराने मलोह बस रूट पर चलने वाली बस को बंद कर दिया। नतीजतन सैकड़ों स्कूली बच्चे पिछले आठ दिन से मलोह में बस के इंतजार में थे। वीरवार को स्कूली बच्चों का गुस्सा फूट पड़ा और सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने सड़क में बैठ कर रास्ता जाम कर दिया। इससे निगम सहित यहां से आने जाने वाली करीब डेढ़ दर्जन बसों और अन्य वाहनों का चक्का थम गया और हजारों लोगों को दो घंटे तक भारी परेशानी झेलनी पड़ी। स्थानीय पंचायत प्रधान तुलसी राम, उप प्रधान खूब राम तथा पूर्व वार्ड पंच कमलेश कुमार भी बच्चों की मांग के साथ निगम के खिलाफ हो गए। सुंदरनगर के एसडीएम एचएस राणा ने मामले पर तुरंत कार्रवाई करते हुए नायब तहसीलदार वेद प्रकाश और एएसआई जोगेंद्र कुमार की अगुवाई में पुलिस की टीम को घटनास्थल पर रवाना किया और जाम खोला।
ग्रामीण क्षेत्र में बसों की मनमानी से दुर्गम क्षेत्र पौड़ाकोठी और सलवाणा में ग्रामीणों खासकर स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी थी। पंचायत के ठिहकर में आठ बजे फंगवास स्कूल जाने के लिए दूर-दूर के गांव से बस लेने पहुंचे करीब चालीस बच्चों को चालक ने बस में नहीं बिठाया। वहीं दूसरी तरफ सुंदरनगर से बरमाणा बाया सलवाणा रूट पर चलने वाली बस मरम्मत के बहाने से तीन दिन से बंद कर दी गई। करीब पचास बच्चोें को एक टिप्पर से जड़ोल स्कूल जाना पड़ा।
सुंदरनगर में एचआरटीसी के अड्डा प्रभारी मेहरचंद ने बताया कि निगम के पास स्टाफ के साथ बसों की कमी है। इस कारण समस्या पेश आई है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में बस सेवा बहाल हो गई है। उधर, सुंदरनगर के एसडीएम एचएस राणा ने बताया कि बच्चों के लिए मलोह में बस सेवा बहाल कर दी गई है। उन्होंने निगम को स्कूली बच्चों के लिए बस सुविधा को प्राथमिकता देने के आदेश दिए हैं।
