
भगेड़ (बिलासपुर)। शहीद के नाम पर बनी सड़कें ही बेहाल हैं। अन्य सड़कों की स्थिति होगी। इसका अंदाजा स्वयं ही लगाया जा सकता है। घुमारवीं में एक दशक बीत जाने के बाद भी शहीद विजय पाल मार्ग की सुध नहीं ली जा रही है। इसके चलते शहीद के परिजन भी काफी आहत हैं।
नगर परिषद घुमारवीं के अंतर्गत शहीद विजय पाल मार्ग दयनीय स्थिति में पहुंचा चुका है। करीब एक दशक पूर्व इस सड़क पर टारिंग कार्य किया गया था। इसके बाद किसी ने भी इस सड़क की सुध लेने की जहमत नहीं उठाई। शहीद विजय पाल मार्ग पर गहरे गड्ढे पड़े हुए हैं। यहां पर किसी भी समय कोई भी दुर्घटना घट सकती है। इस मार्ग को बेहतर बनाने में कोई भी दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है। यदि जल्द ही इस सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई तो कोई भी अप्रिय घटना घट सकती है। शहीद विजय पाल के पिता मनसा राम, दीपक, राजकुमार सहित अन्य ने कहा कि आज दिन तक किसी ने भी इस मार्ग की सुध नहीं ली। कहने के लिए तो यह मार्ग शहीद विजय पाल है। इसकी दयनीय हालत हो चुकी है। नगर परिषद अध्यक्ष रीता सहगल ने कहा कि जल्द ही मार्ग पर टारिंग कार्य करवाया जाएगा।
