जनजातीय उप योजना को साढ़े 28 करोड़ : भरमौरी

भरमौर (चंबा)। परियोजना जनजातीय सलाहकार समिति की बैठक वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि इस वर्ष जनजातीय उप योजना के तहत राज्य योजना में 28 करोड़ 69 लाख का प्रावधान किया गया। केंद्रीय विशेष सहायता मद में एक करोड़ 33 लाख व्यय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कें द्रीय प्रायोजित मद में 28 लाख 30 हजार की राशि खर्च की जाएगी। वन मंत्री ने उप योजना से संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों को आदेश देते हुए कहा कि जनकल्याण में करवाए जा रहे कार्यों को अपनी निजी रुचि दिखाकर पूर्ण करवाएं। उन्होंने कहा कि मणिमहेश यात्रा के लिए वन विभाग होली-कलाह-मणिमहेश पैदल रास्ते को जून तक बनाना सुनिश्चित करे। इससे यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़ेगा। सचुईं गांव वन विश्राम गृह घराडू तक सड़क को शीघ्र दुरुस्त किया जाएगा। इसके अलावा भरमौर, सर्चुइं, गरिमा, सियूंर, जियूरा जीप योग्य मार्ग को जल्द ही बस योग्य बनाया जाएगा। इससे गरिमा और सिंयुर पंचायतों के लोगों को सहूलियत मिलेगी। उन्होंने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उपमंडल में बंद पड़े हैंडपंपों को ठीक किया जाए। बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मदन धीमान ने बताया कि धरोल नाला व शेरकाउ नाला पर बनने वाले पुल का कार्य इसी वर्ष पूरा हो जाएगा। जनजातीय विकास विभाग के आवासीय भवन का कार्य भी चालू में पूरा हो जाएगा। वन मंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि 15 दिन के भीतर मैहला से बजोल व कुगती तक मत्स्य पालन की संभावनाओं की विस्तृत रिपोर्ट एडीएम भरमौर को सौंपे। एडीएम बीआर कमल ने कहा कि सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों का मौलिक कर्तव्य है कि वे प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं को अमलीजामा पहनाएं। इस अवसर पर पंचायत समिति अध्यक्ष गोविंद शर्मा, एसडीएम जितेंद्र कंवर, टीएसी सदस्य भजन ठाकुर व विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Related posts