
रामपुर बुशहर। निरमंड की कुर्पण खड्ड से कुमारसैन के लिए पानी ले जाने की आईपीएच विभाग की योजना खटाई में पड़ती नजर आ रही है। पंचायत समिति पदाधिकारी एवं सदस्य खड्ड से अन्यंत्र पानी ले जाने के विरोध में खड़े हो गए हैं। वीरवार को आयोजित बैठक में सदस्यों ने कहा कि वे खड्ड से कुमारसैन को पानी हरगिज नहीं ले जाने देंगे। इस संबंध समिति ने विरोध प्रस्ताव भी पारित किया है, जो एसडीएम आनी को भेजा जाएगा।
पंचायत समिति निरमंड की अध्यक्ष फूला बंसल ने कहा कि कुर्पण खड्ड निरमंड के लोगों की जीवनदायनी है। इस खड्ड से निरमंड को न केवल पीने का पानी आता है, बल्कि लोगों को सिंचाई की सुविधा भी प्राप्त हो रही है। अगर यहां से कुमारसैन पानी ले जाया गया तो खड्ड में पानी का घटना तय है। इससे यहां न केवल पेयजल संकट उभरेगा, बल्कि सिंचाई भी प्रभावित होगी। इसलिए समिति पानी कुमारसैन ले जाने का पुरजोर विरोध करती है। बावजूद इसके जबरन पानी ले जाने की कोशिश हुई तो उग्र विरोध किया जाएगा। समिति सदस्यों के रोष को देखकर आईपीएच विभाग की योजना के सिरे चढ़ने की उम्मीद दिखाई नहीं दे रही है। बैठक में क्षेत्र के भीतर सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र पर भी चर्चा की गई और रिक्त पदों को भरने की मांग प्रदेश सरकार से की गई।
बैठक में पूर्व समिति अध्यक्ष देवेंद्र नेगी, लक्ष्मी देवी, टिकमा देवी, सुनीता ठाकुर, देवी सरण, महिला कांग्रेस आनी अध्यक्ष रमिला देवी, यूपेंद्र कांत मिश्रा, कुलभूषण शर्मा, पदम स्नेही, जयसुख, नरेश पाठक, पंकज शर्मा, घनश्याम शर्मा, लोचन देव, कांतकृष्ण, देवेेंद्र नेगी, कुलवंत कश्यप, मुकेश शर्मा, राहुल शर्मा, कृष्ण बंसल, हेमराज ठाकुर, शीतल ठाकुर, देसराज ठाकुर, कपिल देव, अश्वनी, रणजीत ठाकुर, नोया राम, युगल किशोर, सतीश बिष्ट, दलीप सिंह, धमेंद्र शर्मा आदि मौजूद थे।
