
रामपुर बुशहर। हिमाचल प्रदेश राजकीय अध्यापक संघ रामपुर और सराहन खंड की रविवार को यहां बैठक हुई। खंड रामपुर प्रधान निशिकांत शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्कूलों में जूनियर हेडमास्टर के पद सृजित करने की मांग सरकार से की गई।
शिक्षकों ने कहा कि टीजीटी वर्ग को पदोन्नति के अवसर कम हैं। अगर स्कूलों में सरकार जूनियर हेडमास्टर के पद सृजित करती है तो टीजीटी शिक्षकों को इन पदों पर पदोन्नति लाभ मिल सकेगा। बैठक में सरकार से यह मांग भी की गई कि जिन अध्यापकों की नियुक्ति वर्ष 2009 से पहले हुई है, उनके लिए पदोन्नति में 50 प्रतिशत अंकों की शर्त को हटाया जाए। स्नातकोत्तर शास्त्री, जिन्होंने बीएड कर रखी है, उनको टीजीटी बनाने के बजाय पीजीटी के पद पर पदोन्नति दी जाए। शिक्षकों ने सेकेंडरी स्कूलों में फाइन आर्ट विषय शामिल करने, शीतकालीन स्कूलों में वार्षिक परीक्षाएं पहले की तरह दिसंबर महीने में कराने की मांग भी सरकार से की है। इसके अलावा शिक्षकों ने प्रथम नियुक्ति, पदोन्नति, स्थानांतरण एवं वित्तीय लाभ के मद्देनजर अति दुर्गम और दुर्गम क्षेत्रों को पुन: चिह्न्ति करने की भी मांग की है। बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलेगा और उन्हें इन मांगों से अवगत कराएगा। बैठक में सराहन ब्लाक अध्यक्ष हेमराज कायथ, सचिव देशलाल गौतम, रामपुर ब्लाक के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश शर्मा, सचिव तिलक शर्मा, उपाध्यक्ष अशोक मेहता, कोषाध्यक्ष ज्ञान हुडन, मुख्य सलाहकार शमशेर मेहता, संदीप शर्मा, नरेंद्र श्याम, विजय शर्मा, अमन बातिश, मंजुला शर्मा, राकेश कायथ आदि शिक्षक मौजूद थे।
