
रामपुर बुशहर। हिमाचल गवर्नमेंट टीचर यूनियन की रामपुर इकाई की बैठक में सरकार से मिड डे मील के कार्य को एसएमसी को सौंपने की पुरजोर मांग की गई। शिक्षकों ने कहा कि उनका अधिकांश समय भोजन बनाने में ही निकल जाता है। ऐसे में वे बच्चों की तरफ अधिक ध्यान नहीं दे पाते। अगर एसएमसी इस कार्य को संभाले तो शिक्षक बच्चों को अधिक समय दे सकेंगे।
इसके अलावा बैठक में कमीशन निकालने के बाद अनुबंध पर लगे लेक्चरर को तीन साल बाद नियमित करने, कर्मचारियों को 4-9-14 का लाभ देने, पीटीए तथा पैरा अध्यापकों को नियमित करने, जेबीटी से टीजीटी के पद पर पदोन्नति के लिए पचास प्रतिशत की छूट और टेट की शर्त हटाने, अध्यापकों की सीएल बढ़ाने और मेडिकल छुट्टियां प्रदान करने की भी मांग की गई। इकाई अध्यक्ष निशिकांत ने कहा कि शिक्षक इन सभी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से शिमला में मिलेंगे और मांगों को पूरी करने की पुरजोर मांग करेंगे। बैठक में तिलक शर्मा, ज्ञान हुडन, नरेश शर्मा, अशोक मेहता, शमशेर मेहता, विशेषर भलूनी, जयचंद, देशलाल गौतम, नरेंद्र श्याम, रूप सिंह, बंसी लाल, यशवंत, विजय शर्मा, संदीप शर्मा, शशि पाल शर्मा समेत कई शिक्षक उपस्थित थे।
