
निरमंड (कुल्लू)। चार साल के मासूम सुमित की हत्या क्यों की गई? पुलिस इस रहस्य से अभी परदा नहीं हटा पाई है। हालांकि, पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मामले को कुकर्म से जोड़कर भी देखा जा रहा है। गिरफ्तार किए प्रवासी मजदूर के कमरे से सुमित के कपड़े भी मिले हैं। बच्चे का शव भी अर्धनग्न अवस्था में मिला है। इससे कुकर्म का शक और पुख्ता हो रहा है। प्रारंभिक छानबीन के बाद पुलिस ने प्रवासी मजदूर चंद किशोर को गिरफ्तार कर भादंसं की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एक स्थानीय ठेकेदार से भी पुलिस पूछताछ करने में जुटी है।
वीरवार सुबह फोरेंसिक टीम और डॉग स्कवायड मौके पर पहुंचे। छानबीन के दौरान पुलिस के हाथ कई अहम सुराग लगे हैं। बच्चे के कपड़े सहित अन्य चीजें मिली हैं। अभी पुलिस यह खुलासा नहीं कर रही है कि मासूम बच्चे को क्यों मारा? पुलिस से जुड़े सूत्र बताते हैं कि आरोपी प्रवासी मजदूर ने पूछताछ के दौरान कुछ स्थानीय लोगों के नाम भी लिए हैं। सूत्रों के अनुसार पकड़े गए प्रवासी मजदूर ने पुलिस को बताया कि बच्चा उससे बार-बार चाकलेट मांग रहा था। गुस्से में उसने सुमित को तमाचा जड़ दिया, जिससे वह बेहोश हो गया और उसकी मौत हो गई। हालांकि, वीरवार सुबह आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने उसे सवौर गांव के पास पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। एसपी कुल्लू अशोक कुमार ने माना कि बालक का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। कई अहम सुराग मिले हैं। उन्होंने और लोगों की गिरफ्तारी की संभावना से भी इनकार नहीं किया। सुमित के शव को पोस्टमार्टम के लिए शिमला भेजा है।
प्रवासी मजदूर से जुड़ रहे सबूत
मंडी। निरमंड में बच्चे की हत्या मामले में क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला मंडी की टीम ने मौके से कई अहम सुबूत जुटाए हैं। फोरेंसिक लैब के सहायक निदेशक डा. बीआर रावत, सहायक निदेशक राजेश कुमार, वैज्ञानिक सहायक राकेश राणा ने निरमंड पहुंच कर मौके से कई सबूत एकत्रित किए। सहायक निदेशक राजेश कुमार ने बताया कि जिस जगह पर बालक का शव बरामद हुआ, वहां से टीम को कुछ गत्ते के टुकड़े मिले। वैसे ही चीजें आरोपी के घर से भी बरामद हुई हैं। शव के पास से मिले सबूतों का आरोपी से लिंक हो रहा है।
