
बद्दी (सोलन)। एसपी बद्दी एस अरूल कुमार ने कहा कि तेजी रफ्तारी और नशा करके वाहन चलाने वालों की धरपकड़ शुरू होने से सड़क दुघर्टनाओं के ग्राफ में 50 फीसदी कमी आई है। बीते वर्ष जनवरी में 26 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं लेकिन इस वर्ष मात्र 13 हुईं हैं। फरवरी में 10 और मार्च में बीबीएन में मात्र 14 दुर्घटनाएं हुई। वहीं वर्ष 2012 में मार्च में 24 दुर्घटनाएं हुई थीं। अब हादसों को और कम किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष से बंद पड़ी ट्रैफिक लाइट को चालू करवा दिया गया है। इसके अलावा आधा दर्जन भीड़ वाले स्थानों की सूची बनाकर बीबीएनडीए को भेजा गया है। शीघ्र ही यहां पर ट्रैफिक लाइट सिस्टम शुरू हो जाएगा। बद्दी-साईं मार्ग पर नान पार्किंग एरिया घोषित कर वहां पर बोर्ड लगा दिए गए हैं।
इसके अलावा बद्दी-साईं मार्ग पर सुबह 8 बजे से 11 बजे तथा शाम को 4 से 8 बजे तक इस मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। अगर उसके बावजूद भी कोई बड़े ट्रक के वाहन चालक जबरन अपना वाहन मार्ग से निकालता है तो उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ज्यादातर अपराधी झुग्गी-झोंपड़ियों में छिपे रहते हैं। इसलिए इन झुग्गियों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। यहां पुलिस अचानक छापामारी करेगी। बीबीएन के कुछ स्थानों पर सीसी टीवी कैमरे लगाने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही टोल बैरियरों को भी निर्देश दिए हैं कि वह बैरियरों पर सीसी टीवी कैमरे लगाएं। बरोटीवाला टोल बैरियर पर एक-दो दिन के भीतर कैमरे लगा दिए जाएंगे। इन कैमरों के लगने से काफी हद कर चोर पकड़ने में पुलिस को सहायता मिलेगी।
उन्होंने बताया कि बीबीएन में बीट सिस्टम लागू होने से पुलिस को अपराधियों तक पहुंचने के लिए काफी मदद मिलेगी। पहले से होमवर्क होने से पुलिस शीघ्र ही अपराधियों तक पहुंचेंगे। बीट सिस्टम शुरू होने पुलिस के प्रति लोगों को विश्वास और बढ़ेगा।
