यूनियन पदाधिकारियों के निलंबन पर भड़की सीटू

पालमपुर (कांगड़ा)। पालमपुर में चल रहे एक विद्युत प्रोजेक्ट की चार परियोजनाओं में यूनियन के पदाधिकारियों के खिलाफ कथित झूठे आरोप लगाकर बिना वेतन दिए उनके निलंबन पर सीटू भड़क उठी है। सीटू का कहना है कि इन यूनियन नेताओं को निलंबन रद नहीं किया गया तो हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। यही नहीं, जिला भर की बिजली उत्पादन कर रही परियोजनाओं में हड़ताल होगी।
सीटू के जिला सचिव अशोक कटोच ने प्रोजेक्ट के प्रबंधकों पर आरोप लगाया कि वह जानबूझ कर श्रम कानूनों का उल्लंघन कर रहे हैं। वह हर महीने 10 तरीख से पहले वेतन देने के बजाए तीसरे या चौथे हफ्ते मजदूरों को वेतन दे रहे हैं। इस बारे में श्रम विभाग को भी बताया गया है। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट के प्रबंधकों ने मजदूरों की मांग नहीं मानी और यूनियन के नेताओं का निलंबन रद नहीं किया तो प्रोजेक्ट की चारों परियोजनाओं में हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। उधर, श्रम निरीक्षक सुदेश शर्मा ने कहा कि श्रम विभाग समय-समय पर श्रम नियमों के तहत कार्रवाई करता है और इनके खिलाफ चालान भी किए गए हैं। विभाग के पास जो भी शिकायत आई है, उस पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि उनके पास मजदूरों ने जो मांग पत्र सौंपा है, उसकी सुनवाई के लिए तारीख तय कर दी गई है।

Related posts