
शिमला। कृष्णानगर वार्ड में मकान जमींदोज होने से 84 परिवार बेघर हुए हैं। मंगलवार को जिला प्रशासन ने सभी प्रभावित परिवारों को दस-दस हजार रुपये की राहत राशि दी। बचत भवन में तहसीलदार शिमला शहरी अनिल शर्मा ने प्रभावितों को राहत राशि दी। तहसीलदार ने कहा कि अगर कोई प्रभावित परिवार रह गया है, तो वे भी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन को आधार मानते हुए मौके का जायजा लिया जाएगा। स्थानीय पार्षद से जानकारी जुटाने के बाद उस प्रभावित परिवार को भी राहत राशि दी जाएगी।
…
नहीं दिए कंबल और बेड शीट
वार्ड के 84 प्रभावित परिवारों में से मंगलवार को महज पांच परिवारों को ही कंबल और बेड शीट दी गईं। भवन जमींदोज होने के ग्यारह दिन बाद भी चंद लोगों को कंबल, बेड शीट दिए जाने पर लोगों में खासा रोष दिखा।
कम परिवारों को मिली राहत राशि
पार्षद रजनी सिंह ने कहा कि राहत राशि देने के नाम पर प्रशासन ने अनुसूचित जाति के लोगों के साथ मजाक किया है। उन्होंने 200 प्रभावित परिवारों का आंकड़ा प्रशासन को दिया था लेकिन प्रशासन ने सिर्फ 84 को ही राहत राशि दी। कई परिवारों के सदस्य अलग मकान लेकर भी रहते हैं। लेकिन प्रशासन ने अलग रहने वाले लोगों को प्रभावित नहीं माना है। परिवार के एक ही सदस्य को राहत राशि दी है। पार्षद ने कहा कि प्रभावितों के रहने के लिए पुख्ता बंदोबस्त करने की मांग को लेकर जल्द ही क्षेत्र का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलेगा।
