81 में से 22 बच्चे ही हो सके उत्तीर्ण

घुमारवीं (बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) घुमारवीं में दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम निराशाजनक रहा है। स्कूल का परिणाम संतोषजनक न रहने के कारण अभिभावक भी अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतिंत हैं। कई अभिभावक अब अपने बच्चों को दूसरे स्कूलों में दाखिल करवाने का मन बना चुके हैं।
जानकारी के अनुसार स्कूल में 81 बच्चों ने दसवीं कक्षा की परीक्षा दी थी। जब प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा परिणाम घोषित किया गया तो वह चौंकाने वाला था। इसमें कुल 81 बच्चों में से 56 बच्चे पूर्णतया फेल हुए। तीन बच्चों को कंपार्टमेंट रही। केवल 22 बच्चे ही पास हुए हैं। इसके चलते अभिभावक भी अपने बच्चों के भविष्य को चिंतित हैं। अभिभावक लेखराम ने कहा कि स्कूल का परीक्षा परिणाम निराशाजनक रहने के कारण अब वह अपने बच्चे किसी और स्कूल में दाखिला दिलवाएंगे। अभिभावक अश्वनी कुमार ने कहा कि उन्होंने अभी तक अपने बच्चे को एक बार फिर इसी स्कूल में प्रवेश दिलवाए है। यदि अध्यापकों को रुख ऐसा ही रहा तो उन्हें अपने बच्चे को अन्य स्कूल में दाखिल करवाना पड़ेगा। स्कूल के निराशाजनक रहे परिणाम के बारे मुख्यमंत्री, शिक्षा को शिकायत भेजी जाएगी।
कार्यवाहक स्कूल प्रधानाचार्य ओपी जस्टा ने कहा कि ग्रेडिंग प्रणाली के कारण समस्या उत्पन्न हुई है। स्कूल में हर प्रकार के सरकारी, गैर सरकारी कार्यक्रम होने के कारण बच्चों की पढ़ाई बाधित होना भी कारण है।
स्कूल प्रधानाचार्य बृजलाल शर्मा ने कहा कि स्कूल में विधिवत रूप से पढ़ाई चल रही है। स्कूल के निराशाजनक परिणाम के लिए विस्तार से चरचा की जाएगी।

Related posts