80 बीघा जमीन पर उगी फसल तबाह

शाहतलाई (बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता के अंतर्गत सरहयाली खड्ड में बाढ़ से लाखों का नुकसान हुआ है। वीरवार को हुई मूसलाधार बारिश से सरहयाली खड्ड में आई बाढ़ से करीब 80 बीघा जमीन पर उगी फसलें तबाह हो गई हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत नघ्यार के गांव भगतपुर में किसानों की खड्ड के साथ लगती जमीन में उगी बेमौसमी सब्जियों, मक्की व पशु चारे का नामोनिशान नहीं बचा है। बाढ़ का पानी कई घरों में भी घुस गया है। इसके साथ ही क्षेत्र के हजारों लोगों को पानी मुहैया करवाने वाली जोल-पीरथान पेयजल योजना के पंप हाउस को भी खतरा हो गया है। गौरतलब कि भगतपुर के बाशिंदे सरहयाली खड्ड के किनारे बडे़ पैमाने पर बेमौसमी सब्जियां का उत्पादन करते हैं। किसानों ने हर साल की भांति इस वर्ष भी पूरी मेहनत से खड्ड के किनारे टमाटर, शिमला मिर्च, भिंडी, खीरा, अरबी जैसी बेमौसमी सब्जियों के साथ ही मक्की व पशु चारा की फसल उगाई थी। मौसम अनुकूल होने से इस बार खेतों में पूरे यौवन पर लहलहा रही फसल अपेक्षा से अधिक फसल होने की उम्मीद किसानों को थी। सरहयाली खड्ड में आई बाढ़ ने किसानों की मेहनत पर कुछ पल में ही पानी फेर दिया।
किसान विचित्र सिंह, भूलू राम, निक्का राम, जोगिंद्र सिंह, सीता राम, किशोरी लाल, कर्म सिह, बलदेव, ओंकार, पवन कुमार, परस राम, बलीराम, जीत राम, रामनाथ ने बताया कि बेमौसमी सब्जियों समेत अन्य फसलों के बाढ़ की चपेट में आ जाने से उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचा है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि सरहयाली खड्ड के दोनों किनारों पर तटीयकरण किया जाए। जिस से किसानों की फसलों व भूमि को बचाया जा सके।
उधर नघ्यार पंचायत प्रधान मीनाक्षी ने किसानों के खेतों में जा कर बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने सरकार से मांग की है कि किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।

Related posts