
मंडी। निजी क्षेत्र में रोजगार मुहैया करवाने के मकसद से श्रम एवं रोजगार विभाग मंडी के वल्लभ राजकीय महाविद्यालय परिसर में 28 अक्तूबर को रोजगार मेले का आयोजन करवाएगा। यह जानकारी अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पंकज राय ने आज इस संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले का शुभारंभ लोकसभा सांसद प्रतिभा सिंह करेगी। मेले के दौरान पांचवीं, आठवीं, दसवीं, जमा दो, आईटीआई, डिप्लोमा होल्डर और स्नातक पास बेरोजगार युवक-युवतियां भाग ले सकती हैं। इसके लिए आयु 18-35 वर्ष के बीच रखी है। चयनित युवाओं को निजी क्षेत्र के उद्योगों में रोजगार मुहैया करवाया जाएगा। मेले का आयोजन सुबह नौ से शाम चार बजे तक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बेरोजगार इच्छुक युवक-युवतियां अपने शैक्षणिक योग्यता, रोजगार कार्यालय में पंजीकरण पत्र, कार्य अनुभव और हिमाचली प्रमाण पत्रों की मूल प्रतियां तथा छाया प्रतियों सहित पासपोर्ट साइज के तीन फोटोग्राफ अपने साथ जरूर लाएं। बैठक में एसडीएम शुभकरण सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
