
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन में बाधक बने भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र सेमी गांव में यातायात बहाल कर दिया गया है। अब रुद्रप्रयाग से सोनप्रयाग तक 71 किलोमीटर तक केदारनाथ राजमार्ग पर वाहनाें की अदला-बदली के बिना लोग यात्रा कर सकेंगे।
आपदा के 79 दिन बाद कुंड-गुप्तकाशी के मध्य वाहनों की आवाजाही शुरू हो पाई है। सेमी गांव में भू-धंसाव के कारण यहां केदारनाथ हाईवे बार-बार बाधित हो रहा था। यहां मंदाकिनी नदी के कटाव और जमीन धंसने से लगभग 700 मीटर पैच पर सड़क का निर्माण नहीं हो पा रहा था। नदी का जलस्तर कम होने पर सिंचाई विभाग ने धंसाव रोकने के लिए नदी की ओर से वायरक्रेट लगाए, जिसके बाद बीआरओ ने नई सड़क काटी। चार दिन में सड़क का निर्माण पूरा होने पर बुधवार से यहां वाहन चलने लगे।
इंसेट
बिना रुकावट चंद्रापुरी में होगा आवागमन
चंद्र्रापुरी बाजार में स्थायी रूप से सड़क खोलने के लिए बीआरओ ने मंगलवार को चार आवासीय भवनों को ढहा दिया था, जिससे दो दिन से चंद्रापुरी में वाहनों की आवाजाही बंद है। बीआरओ के द्वितीय कमान अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि चंद्रापुरी में देर शाम तक मार्ग खुलने की उम्मीद है। चंद्र्रापुरी और सेमी गांव के साफ होने पर रुद्रप्रयाग से बिना किसी रुकावट के वाहनों का आवागमन हो जाएगा।
