
पिथौरागढ़। हिमालयन इंस्टीट्यूट हॉस्पिटल ट्रस्ट और ग्रामीण विकास संस्थान के सहयोग से हिमालयन अध्ययन केंद्र द्वारा आपदाग्रस्त मुनस्यारी तहसील में राहत सामग्री बांटी जा रही है। रविवार को सेनर, प्यागंती, राथी, नमजला, धापा, तल्ला दुम्मर और मदकोट के 78 आपदा प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की गई।
हिमालयन अध्ययन केंद्र के ब्लाक समन्वयक गंभीर सिंह मेहता ने बताया कि प्रभावितों को चारपाई, कंबल, तिरपाल, रेनकोट, कीचन सैट, टॉर्च, कृषि यंत्र बांटे गए। इसके अलावा 20 निर्धन विद्यार्थियों को 1500-1500 रुपये की छात्रवृत्ति भी दी गई। विधायक हरीश धामी के प्रतिनिधि हीरा सिंह चिराल और खंड विकास अधिकारी लक्ष्मण सिंह बोरा ने संस्था के कार्यों की प्रशंसा की। कार्यक्रम समन्वयक सुनील खंडूरी ने बताया उनकी संस्था जरूरतमंदों की हर संभव मदद को तैयार है। राहत सामग्री वितरित करने में ग्राम प्रधान प्रेम सिंह मर्तोलिया, महिमन सिंह, हीरा देवी, गोविंद बृजवाल, तनुजा कोरंगा आदि ने सहयोग दिया।
